अवैध अप्रवासियों की सूचना देने हेतु टोल फ्री नंबर 18002331905 जारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने पुलिस पेट्रोलिंग वाहनों पर स्टिकर किया चस्पा.
पेट्रोलिंग वाहनों पर अवैध अप्रवासी हेल्प लाईन नंबर 18002331905 का स्टिकर चस्पा कर आम लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने का किया जा रहा प्रयास.
व्यापक प्रचार प्रसार के द्वारा अवैध रूप से रह रहे अप्रवासी नागरिकों के संबंध में पुलिस ने अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने शुरू किया अभियान.
अभियान के दौरान अवैध अप्रवासियों को चिन्हित कर उनके निर्वासन की सुनिश्चित की जायगी कार्यवाही.
अंबिकापुर. 27 जून 2025 : सरगुजा जिले में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासी नागरिकों की पहचान और निष्कासन के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में अवैध अप्रवासियों की सूचना देने हेतु टोल फ्री नंबर 18002331905 जारी किया गया है। इस नंबर को आम जनता तक पहुँचाने के लिए जिले के पेट्रोलिंग वाहनों पर जागरूकता स्टिकर लगाए गए हैं, ताकि हर नागरिक संदिग्ध अप्रवासी की सूचना सीधे पुलिस को दे सके।
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार राज्य में अवैध रूप से घुसपैठ कर रहने वाले अप्रवासी नागरिकों की तलाश, पतासाजी के लिए व्यापक अभियान छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के क्रम में अवैध अप्रवासियों के संबंध में सूचना प्रदान करने हेतु पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। उक्त टोल फ्री नंबर के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन में सभी पेट्रोलिंग वाहनों पर अवैध अप्रवासी हेल्प लाईन नंबर 18002331905 का स्टिकर चस्पा किये जाने हेतु निर्देशित किया गया था, जिससे अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों की पहचान हेतु सूचनाएं आम नागरिकों से प्राप्त की जा सके। इसी क्रम में आज दिनांक को जिले में पेट्रोलिंग ड्यूटी में लगे सभी वाहनों एवं उक्त वाहनों में कर्तव्यस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रांगण में एकत्रित कर स्टिकर चस्पा किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा वाहनों में स्टिकर चस्पा कर कर्तव्यस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को उक्त टोल फ्री नंबर को आम लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिससे अवैध रूप से रह रहे अप्रवासी नागरिकों के संबंध में पुलिस को अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त हो सके।

ज्ञात हो कि अवैध अप्रवासियों की संदिग्ध एवं देश विरोधी गतिविधियों को देखते हुए उनकी पहचान कर उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने एवं उन्हें निर्वासित करने हेतु पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा प्रत्येक जिले में STF का गठन किया गया है एवं व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। टोल फ्री नंबर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के बीच लुक छिपकर निवास कर रहे अवैध रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी नागरिकों के संबंध में जानकारी प्राप्त करना है, जिससे अवैध अप्रवासियों को चिन्हित कर उनके निर्वासन की कार्यवाही की जा सके। आम नागरिकों से अपील की गई है कि आपके आसपास अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध अप्रवासी नागरिकों के संबंध में सूचना त्वरित रूप से टोल फ्री नंबर 18002331905 पर प्रदाय करें, जिससे सूचना की तस्दीकी एवं वैधानिक कार्यवाही पुलिस टीम द्वारा किया जा सके। टोल फ्री नंबर के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु विभिन्न सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी पोस्टर, स्टिकर एवं बैनर लगाए गए हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों, ट्रैफिक शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक विजय केवर्त, प्रधान आरक्षक संजीव त्रिपाठी, जिले के पेट्रोलिंग वाहनों में कर्तव्यस्थ अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
