सूरजपुर पुलिस के अधिकारी व जवान रात्रि गश्त में बड़ी संख्या में एक साथ उतरे सड़कों पर, 203 संदिग्धों को चेक किया, 28 को थाना पकड़कर लाया और कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा, 68 निगरानी व गुण्डे बदमाशों को अपराध से दूर रहने दी गई कड़ी हिदायत.
सूरजपुर. 29 जून 2025 : पुलिस की सशक्त रात्रि गश्त का असर सूरजपुर जिले में साफ दिखाई देने लगा है। शनिवार रात 350 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों ने जिले भर में गश्त करते हुए 203 संदिग्धों/सजायाफ्ता व्यक्तियों की जांच की। 28 को पकड़कर थाने लाया गया और पूछताछ के बाद कड़ी चेतावनी दी गई। वहीं 68 निगरानी व माफिया किस्म के बदमाशों को उनके घरों में चेक कर सख्त हिदायत दी गई कि वे आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें।

अपराधों की रोकथाम, आमजनों की सुरक्षा, शांती एवं कानून व्यवस्था को पुख्ता रखने, अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही हेतु रात्रि गश्त का सशक्त तौर पर करने के सख्त निर्देश डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों को दिए थे।
शनिवार 28-29 जून 2025 की दरम्यानी रात्रि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के मार्गदर्शन में सूरजपुर क्षेत्र में सीएसपी एस.एस.पैंकरा, अनुभाग प्रेमनगर क्षेत्र में एसडीओपी नरेन्द्र सिंह पुजारी, अनुभाग ओड़गी क्षेत्र में एसडीओपी राजेश जोशी, अनुभाग प्रतापपुर में एसडीओपी सौरभ उईके, भटगांव क्षेत्र में डीएसपी रितेश चौधरी, विश्रामपुर क्षेत्र में एसडीओपी अभिषेक पैंकरा व डीएसपी अनूप एक्का के नेतृत्व में सभी थाना-चौकी प्रभारी व पुलिस लाईन के 350 से अधिक अधिकारी व जवानों ने रात्रि गश्त की।

इस दौरान जिले भर में गश्त कर दबिश देकर 203 संदिग्धों/सजायात को चेक किया गया, 28 लोगों को पकड़कर थाना लाया गया, सख्ती से पूछताछ के बाद इन्हें कड़ी चेतावनी के बाद छोड़ा गया। रात्रि में 45 घुमते हुए पाए गए लोगों की भी सघन पूछताछ कर जांच की गई। रात्रि गश्त में 68 निगरानी, माफी व गुण्डा बदमाश को चेक करने पर यह सभी अपने घर पर मिले जिन्हें अपराध से दूर रहने की कड़ी हिदायत दी गई और उनके मोबाईल नंबर की जानकारी लेते हुए जीवन यापन के कार्यो की बारीकी से जानकारी ली गई। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीमों के द्वारा विद्यालय परिसर, जिला चिकित्सालय और बस स्टैण्ड, बैंक एवं एटीएम की आकस्मिक जांच की गई। शहर के चौक-चौराहों पर शराब पी कर वाहन चलाने वालों की चेकिंग की गई।
