ऑपरेशन तलाश ने दिलाया अपनों से मिलन का सुख : देशभर में खोजबीन कर छत्तीसगढ़ पुलिस ने रचा कीर्तिमान, 30 दिन में ढूंढ निकाले 4472 लापता, लापता महिला-पुरुषों को किया सकुशल बरामद.

छत्तीसगढ़ पुलिस महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। राज्य में गुमइंसान विशेषकर गुम बच्चों के पता-तलाश हेतु ऑपरेशन मुस्कान चलाया जाता है, जिसके अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। ऑपरेशन मुस्कान की सफलता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक श्री अरूण देव गौतम द्वारा गुम महिला एवं पुरूषों के खोजबीन हेतु ऑपरेशन तलाश के रूप में एक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, जो बालिग वर्ग के व्यक्तियों के पता-तलाश की दिशा में राज्य का यह पहला अभियान है। पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय यादव के मार्गदर्शन में दिनांक 01 जून 2025 से 30 जून 2025 तक ऑपरेशन तलाश चलाया गया।

इस अभियान की सफलता के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति, टीम का गठन, संचार साधनों के बेहतर उपयोग सहित अनेक दिशा-निर्देश पुलिस मुख्यालय द्वारा दिये गये। इस दौरान गुम हुए प्रत्येक व्यक्तियों के घर पर जाकर उनके परिजनों से संपर्क करते हुए हर एक प्रकरण की समीक्षा करने के उपरांत रणनीति बनाकर टीम का गठन कर ऐसे संभावित स्थान पर रवाना किया गया, जहां गुम व्यक्ति के मिलने की संभावना थी। ऑपरेशन तलाश के तहत न केवल प्रदेश के भीतर बल्कि पूरे भारत वर्ष में पुलिस टीमों को भेजकर 3207 महिला एवं 1265 पुरूष इस प्रकार कुल 4472 गुमशुदा व्यक्तियों को बरामद किया गया है।

Related posts