रायपुर, 5 जुलाई 2025 : माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधिपति, श्री रमेश सिन्हा के द्वारा आज दिनक 05-07-2025 को उच्च न्यायालय के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया गया एवं अंबिकापुर एवं दुर्ग जिला न्यायालयों का वर्चुअल औचक निरीक्षण करते हुए स्वच्छता एवं रखरखाव के महत्व को रेखांकित किया गया।
माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधिपति, श्री रमेश सिन्हा द्वारा आज उच्च न्यायालय परिसर के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया गया तथा उच्च न्यायालय के विभिन्न कार्यालयों, अभिलेख कक्षों, ग्रन्थालय तथा सेवा क्षेत्रों के कार्यप्रणाली, संरचना एवं समग्र रखरखाव की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने संबंधित अनुभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर कार्य परिवेश तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यस्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने न्यायालय परिसर के सभी क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सफाई मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने दोहराया कि स्वच्छता केवल बाहरी स्वरूप का विषय नहीं है, बल्कि यह संस्था के अनुशासन, कार्यकुशलता एवं गरिमा का प्रतिबिंब है। इस संबंध में अतिरिक्त रजिस्ट्रार (प्रशासन) एवं संबंधित पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने एवं साफ-सफाई की समय-सारणी का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने अम्बिकापुर और दुर्ग के जिला न्यायालयों का भी औचक वर्चुअल निरीक्षण किया। दुर्ग जिला न्यायालय परिसर में स्थित प्राथमिक उपचार केंद्र के वर्चुअल निरीक्षण के दौरान, माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने चिकित्सक से चर्चा की और प्राथमिक उपचार केंद्र की स्वच्छता, चिकित्सकीय आपूर्तियों की उपलब्धता, सार्वजनिक स्वास्थ्य निर्देशों का पालन और समग्र ढाँचे व रखरखाव की समीक्षा की। वर्चुअल निरीक्षण के दौरान, माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने दुर्ग प्रधान जिला न्यायाधीश से ई-सेवा केन्द्र तथा ई-न्यायिक सेवा केन्द्र के संचालन पर परामर्श किया और नए न्यायालय भवन हेतु आवंटित भूमि पर भी चर्चा की। अम्बिकापुर जिला न्यायालय के वर्चुअल निरीक्षण के दौरान, माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने नज़ारत विभाग के प्रभारी अधिकारी से नज़ारत विभाग के कार्यों की समीक्षा कि।
वर्चुअल निरीक्षण के एक दौरान, माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने दोनों जिलो के प्रधान जिला न्यायाधीशों को ‘मीडिएशन फॉर द नेशन’ अभियान के राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। माननीय मुख्य न्यायाधीश ने इस 90-दिवसीय राष्ट्रव्यापी मध्यस्थता अभियान को सक्रिय रूप से लागू करने का महत्व रेखांकित किया, जिसका उद्देश्य लंबित मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित कर न्यायालयों का कार्यभार हल्का करना है।
वर्चुअल निरीक्षण के दौरान, माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय के साथ प्रभारी रजिस्ट्रार जनरल श्री खिलावन राम रिगरी, रजिस्ट्रार (न्यायिक), संयुक्त रजिस्ट्रार (एम) श्री एम.वी.एल.एन. सुब्रह्मण्य, रजिस्ट्रार (चयन एवं नियुक्ति) श्री पंकज कुमार जैन, और अतिरिक्त रजिस्ट्रार (प्रशासन) श्री संतोष ठाकुर तथा अन्य अधिकारिगण भी उपस्थित थे।
