खेल सामग्री, टिफिन, पानी बोतल और कॉपियां भेंट कर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
जशपुर, 7 जुलाई 2025: जहां ज्यादातर लोग जन्मदिन पर खुद को विश करवाना पसंद करते हैं, वहीं जशपुर की जिला जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती नूतन सिदार ने अपने बेटे प्रखर कुमार के जन्मदिवस को एक विशेष और मानवीय पहल के रूप में दिव्यांग बच्चों के साथ मनाने का निर्णय लिया।
छत्तीसगढ़ शासन की “न्योता भोजन” योजना के अंतर्गत 6 जुलाई को समर्थ आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र, जशपुर में एक सामाजिक सौहार्द और संवेदनशीलता से भरा आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को स्वादिष्ट भोजन परोसा गया जिसे उन्होंने पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ ग्रहण किया।
केवल भोजन ही नहीं, बच्चों को खेल सामग्री, कॉपी, पेन, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतलें भी उपहार स्वरूप भेंट की गईं। इस अद्भुत पहल से बच्चों के चेहरे पर जो मुस्कान आई, वह आयोजन की असली सफलता थी।

इस मौके पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि छोटे-छोटे अवसरों पर भी बड़े सामाजिक कार्य किए जा सकते हैं।
न्योता भोजन: एक मानवीय पहल
छत्तीसगढ़ शासन की यह योजना सामाजिक भागीदारी पर आधारित है, जिसके अंतर्गत कोई भी व्यक्ति अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ या अन्य पर्व के अवसर पर आश्रम, छात्रावास या स्कूलों में बच्चों को भोजन करवाकर उन्हें स्नेह और अपनापन का अनुभव करा सकता है।
जिला जनसंपर्क अधिकारी ने कहा,
“प्रखर के जन्मदिन को दिव्यांग बच्चों के साथ मनाकर जो संतोष मिला, वह अवर्णनीय है। मैं चाहूंगी कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना से जुड़ें और जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां साझा करें।”
