श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा में आराधना संगीत म्यूजिकल ग्रुप की भक्ति संध्या में झूमे श्रद्धालु.
आज होगा नीलाद्री बीजे पर्व, महाप्रभु करेंगे श्री मंदिर प्रवेश.
दोकड़ा. 08 जुलाई 2025 : दोकड़ा स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में नीलाद्री बीजे पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित भक्ति संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया। आराधना संगीत म्यूजिकल ग्रुप एवं प्रसिद्ध कलाकारों ने भजन प्रस्तुतियों से संगीतमय माहौल बना दिया। आज महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी श्री मंदिर में पुनः प्रवेश करेंगे, जिसके साथ ही रथ यात्रा महोत्सव का समापन होगा।
श्री जगन्नाथ महाप्रभु की बाहुड़ा यात्रा के उपरांत अब महाप्रभु के श्री मंदिर लौटने का शुभ अवसर आ गया है। आज नीलाद्री बीजे के पावन अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा जी पुनः श्री मंदिर में प्रवेश करेंगे। इस विशेष दिन की पूर्व संध्या पर श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर दोकड़ा में भक्ति संगीत का दिव्य आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में आराधना संगीत म्यूजिकल ग्रुप द्वारा एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी गई। इन भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। संगीतमय वातावरण में पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते और ताली बजाते रहे।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांसाबेल से आए प्रसिद्ध भजन गायक श्री सुदाम पंडा के साथ-साथ धनवंत यादव, ब्रजकिशोर बारीक, प्रदीप नायक, ध्यानु चौहान, विजय प्रधान, कमिल, अश्विन, सचिन यादव, एवं राजकुमार वर्मा जैसे कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्री जगन्नाथ मंदिर समिति दोकड़ा द्वारा लगातार श्रद्धालुओं को एक आध्यात्मिक अनुभव प्रदान किया जा रहा है।
नीलाद्री बीजे पर्व के अवसर पर आज भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का श्री मंदिर में प्रवेश कराया जाएगा, जिसके साथ ही रथ यात्रा महोत्सव का समापन होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना है। मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और भक्तों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर इस दिव्य पल के साक्षी बनें।
