दिल्ली से गोवा तक तलाश की दस्तक : पुलिस ने 119 गुमशुदा को लौटाया घर, मां-बेटों का मिलन बना भावुक क्षण, ऑपरेशन तलाश बना उम्मीद की किरण, इंस्ट्राग्राम दोस्ती से गायब महिला हो या मुम्बई में भटके युवा, सूरजपुर पुलिस ने सबको पहुँचाया परिवार तक.

जिले की पुलिस ऑपरेशन तलाश में गुम हुए महिला एवं पुरूषों को दस्तयाब करने में बड़ी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए 119 लोगों को दस्तयाब करने में सफल रही है। दस्तयाबी के इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी व जवानों को प्रशस्ति-पत्र प्रदाय कर सम्मानित किया गया। डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में दिनांक 01 जून 2025 से 30 जून 2025 तक ऑपरेशन तलाशचलाया गया। अभियान के पूर्व एवं अभियान के दौरान कुल 381 गुम इंसान दर्ज किए गए थे।

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने अभियान के दौरान सफलता के लिए नोडल अधिकारी का चयन, टीमों को दस्तयाबी के लिए प्रोत्साहित कर लगाना एवं नई तकनीकी साधनों के बेहतर उपयोग एवं पूरी क्षमता के दस्तयाबी करने के निर्देश दिए थे। इस दौरान गुम हुए प्रत्येक व्यक्तियों के घर पर जाकर उनके परिजनों से संपर्क करते हुए हर एक प्रकरण की समीक्षा करने के उपरांत रणनीति बनाकर टीम का गठन कर ऐसे संभावित स्थान पर रवाना किया गया, जहां गुम व्यक्ति के मिलने की संभावना थी।

अभियान में रेंज की सूरजपुर पुलिस गुम इंसान दस्तयाबी के प्रतिशत में प्रथम स्थान पर रही। ऑपरेशन तलाश के तहत थाना सूरजपुर पुलिस के द्वारा 31, थाना चंदौरा के द्वारा 02, थाना भटगांव के द्वारा 19, थाना ओड़गी के द्वारा 05, थाना प्रतापपुर के द्वारा 10, थाना रामानुजनगर के द्वारा 22, थाना विश्रामपुर के द्वारा 13, थाना झिलमिली के द्वारा 05, थाना प्रेमनगर के द्वारा 03, थाना जयनगर के द्वारा 06, थाना चांदनी के द्वारा 03 (103 महिला एवं 16 पुरूष) कुल 119 गुमशुदा व्यक्ति को दिल्ली, गोवा, बिहार, अन्य जिलों सहित जिले के थाना क्षेत्र में गंभीरतापूर्वक पतासाजी कर दस्तयाब किया गया है। सभी गुम इंसानों को सकुशल उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। इस अभियान में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और परिजनों से मिली जानकारी का बेहतर उपयोग किया है।

तलाश अभियान के दौरान थाना विश्रामपुर क्षेत्र की एक गुम महिला को दिल्ली के जाफराबाद में होने की जानकारी हाथ लगने पर पुलिस टीम दिल्ली जाकर काफी पतासाजी व खोजबीन और सूझबूझ का इस्तेमाल कर महिला को दस्तयाब करने में सफल रही, गुम महिला के 2 छोटे बच्चे हैं, जिन्होंने अपनी माँ को वापस पाकर उनके चेहरे खिल उठे। अभियान के दौरान मुम्बई गए गुमशुदा व्यक्ति को काउंसलिंग कर उसे बुलाया गया, पुलिस टीम के द्वारा गुम इंसान से दोस्त के माध्यम से सम्पर्क कर गुमशुदा व्यक्ति की काउंसलिंग कर उसे मुम्बई से बुलाया गया और सकुशल परिजनों को सुपुर्द किया गया। एक महिला इंस्ट्राग्राम के माध्यम से एक व्यक्ति के साथ दोस्ती होने उससे मिलने चली गई थी, एक महिला एक व्यक्ति के बहकावे में आकर विवाह करने सहित एक महिला परिजनों के डांट फटकार से नाराज होकर दिगर प्रदेश चली गई थी। सूरजपुर पुलिस ने इन सभी गुम इंसानों की गंभीरतापूर्वक पतासाजी कर दस्तयाब किया है।

Related posts