संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव : जिस स्कूल में पढ़े मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वहीं मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, दिया गया शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश, बगिया स्कूल में साइकिल, गणवेश और पौधारोपण से गूंजा शिक्षा पर्व, कौशल्या साय बोलीं – ‘हर बच्चा पढ़े, यही सरकार का संकल्प’.

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बगिया में आज संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर  किया। कार्यक्रम में छात्रों ने स्वागत गीत गाकर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। अतिथियों ने नवप्रवेशी बच्चों को पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर एवं मुँह मीठा कराकर स्वागत किया और सभी का उत्साहवर्धन करने के साथ शुभकामनाएं भी दी। अतिथियों द्वारा बच्चों को गणवेश प्रदान किया गया साथ ही सरस्वती साईकल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साईकिल का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले इसके लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से बच्चों को प्राथमिकता के साथ विद्यालय भेजने, साफ-सफाई का ध्यान रखने, समय का सदुपयोग करने की अपील की साथ ही  शिक्षकों को भी प्रेरित किया कि वे निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण प्रदान करें। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी अध्ययन कर चुके हैं।

Related posts