महताब खान अपने साथियों के साथ गौ-वंश को बोलेरो वाहन से चरईडांड़-दमेरा-जशपुर-भलमंडा के रास्ते झारखंड ले जा रहा था, पीछा करने के दौरान तस्करों ने अपने बोलेरो वाहन से एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया.
आरोपी के कब्जे से 05 नग गौ-वंश एवं बोलेरो वाहन कुल कीमत 02 लाख 50 हजार रूपये का जप्त.
पुलिस के भारी दबाव में आकर तस्करों ने गौ-वंश सहित बोलेरो वाहन को छिपा दिया था, परंतु पुलिस ने ढूंढ निकाला, गौ-तस्कर महताब खान के अन्य साथीगण फरार हैं, जिनकी सरगर्मी से पतासाजी जारी.
आरोपी महताब खान पिता ईशाक खान उम्र 21 साल निवासी निवासी साईंटांगरटोली थाना लोदाम के विरूद्ध थाना लोदाम में छ.ग.कृषि पशु परि.अधि. 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधि. की धारा 11 का अपराध पंजीबद्ध.
जप्ती – 05 नग मवेशी कीमती 50 हजार रूपये एवं बोलेरो वाहन सी.जी. 15 बी 0906 कीमत 02 लाख रूपये.
जशपुर. 16 जुलाई 2025 : जशपुर जिले में गौ-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साईंटांगरटोली का कुख्यात गौ-तस्कर महताब खान बोलेरो वाहन में 5 मवेशियों को झारखंड ले जा रहा था, जिसे पुलिस ने 70 किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ लिया। पीछा करते समय तस्करों ने एक घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी मवेशियों समेत पकड़ा गया। इस सनसनीखेज गिरफ्तारी से इलाके में खलबली मच गई है और पुलिस अब अन्य फरार तस्करों की तलाश में जुटी है।
दिनांक 15 जुलाई 2025 को एसएसपी जशपुर श्री शशि मोहन सिंह को विश्वस्त मुखबीर से सूचना मिला कि बोलेरो वाहन सीजी 15 बी 0906 में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से गौ-वंश को क्रूरतापूर्वक भर कर चरईडांड़-दमेरा-जशपुर-भलमंडा होते एन.एन. 43 के रास्ते झारखंड की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर एसएसपी द्वारा थाना कुनकुरी को अलर्ट करते हुये लोदाम थाना से निरीक्षक हर्षवर्धन चैरासे के नेतृत्व में भलमंडा चैक के पास नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिये, चेकिंग के दौरान मुखबीर के बतायेनुसार उक्त बोलेरो सी.जी. 15 बी 0906 अत्यंत वाहन तेज गति से रास्ते में आया, जिसे पुलिस स्टॉफ द्वारा रोकने का पूरा प्रयास किया गया, किन्तु वाहन चालक द्वारा अपने वाहन को न रोकते हुये तेजी से वाहन को लोदाम की ओर भगाने लगा, पुलिस द्वारा तत्काल उक्त वाहन का पीछा करने पर चालक ने वाहन को मांझाटोली से पुराना रायडीह की ओर अम्बाडांड़ ले जाने लगा। उक्त वाहन को वहां के ग्रामीणों ने रोकने का प्रयास करने पर बोलेरो वाहन चालक ने एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया एवं पुनः अपने वाहन को मोड़कर साईंटांगरटोली गिरला की ओर भगा कर ले गया और वाहन को बस्ती में छिपा दिया तथा कुछ देर बाद 05 नग गौ-वंश को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पैदल क्रूरतापूर्वक तेजी से मारते-पीटते साईंटांगरटोली की ओर ले जा रहे थे, जो पुलिस को दूर से आता देखकर वहां से मवेशियों को छोड़कर भाग गये, जिसे पुलिस द्वारा जप्त कर सुरक्षार्थ रखा गया।

ग्रामीणों से उक्त मवेशियों के संबंध में पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि साईंटांगरटोली का महताब खान पिता ईषाक खान एवं उसके साथीगण द्वारा उक्त 05 नग मवेशियों को मारते-पीटते झारखंड ले जाना बताये। पुलिस द्वारा उक्त ऐरिया की घेराबंदी कर दबिश देने पर महताब खान को मिलने पर अभिरक्षा में लेकर थाना लाया गया, साथ ही उसके मेमोरंडम कथन से उक्त बोलेरो वाहन को जप्त किया गया। पूछताछ में महताब खान ने बताया कि उक्त मवेशियों को उसके तस्कर मालिक ने चरखापारा से खरीदकर बोलेरो वाहन क्रमांक सी.जी. 15 बी 0906 में लोड कर झारखंड की ओर ले जाना है, कहने पर यह अपने अन्य 02 साथियों के साथ कुनकुरी क्षेत्र से गौ-वंश को लोड कर साईंटांगरटोली होते ले जा रहा था। आरोपी का कृत्य उक्त धारा सदर का अपराध घटित करना पाये जाने पर उसे दिनांक 16 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण की विवेचना कार्यवाही में निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक 390 कृपा सिंधु तिग्गा, आरक्षक 139 महेश्वर यादव, आरक्षक 350 हेमंत कुजूर एवं अन्य स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा है।
प्रकरण के बारे में एसएसपी जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि – “बोलेरो वाहन से झारखंड गौ-तस्करी करते हुये आरोपी मो. महताब खान को गिरफ्तार किया गया है, उसके साथी मौका पाकर फरार हो गये हैं। उनकी सघनता से पतासाजी की जा रही है, शीघ्र ही वे भी पुलिस की गिरफ्त में होंगें। ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी रहेगा।”
