चौकी करहीबाजार पुलिस की सक्रियता एवं तत्परता से एक व्यक्ति को उसके गुमे हुए रुपए मिले वापस.
ग्राम खजुरी के पास रात्रि में एक व्यक्ति का ₹50,000 हो गया था गुम.
सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस द्वारा गहन खोजबीन कर कुछ ही घंटे में उक्त व्यक्ति को दिलाया गया उसके पैसे वापस.
बलौदाबाजार-भाटापारा.19 जुलाई 2025 : बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार चौकी पुलिस ने अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ₹50,000 की गुमशुदा राशि कुछ ही घंटों में उसके वास्तविक मालिक को लौटाकर मानवता और भरोसे का परिचायक कार्य किया है। ग्राम खजुरी के पास नक्शा आवंटन कार्य के दौरान प्रार्थी शीतल कुमार वर्मा के जेब से रुपये गिर गए थे, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने सघन तलाशी कर एक बुजुर्ग से मिली जानकारी के आधार पर पूरे पैसे वापस दिलवा दिए।
दिनांक 16 जुलाई 2025 के सायं प्रार्थी आवेदक शीतल कुमार वर्मा निवासी ग्राम खोरसी थाना खरोरा जिला रायपुर, नक्शा आवंटन कार्य हेतु ग्राम लच्छनपुर आया हुआ था तथा उक्त कार्य के लिए अपने पास ₹50,000 रखा था। इसी बीच कार्य के दौरान उसकी जेब में रखा हुआ ₹50,000 कहीं गिरकर गुम हो गया। इतनी बड़ी रकम आवेदक से गुमने के उपरांत वह बदहवास एवं घबरा गया। इस दौरान किसी व्यक्ति द्वारा उक्त पैसे को चोरी कर लिए जाने की आशंका पर उसके द्वारा तुरंत चौकी करहीबाजार पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पर चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र पाटील अपने दल बल के साथ तत्काल घटना-स्थल ग्राम खजुरी पहुंचे।
पुलिस टीम द्वारा आवेदक से सामान्य पूछताछ करते हुए तत्काल उक्त रूपयों की खोजबीन प्रारंभ किया गया। पुलिस द्वारा आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ किया गया। इसी बीच पुलिस टीम द्वारा सड़क मार्ग में रूपयों की खोजबीन करते हुए ग्राम खजुरी के पास ही एक वृद्ध व्यक्ति से रुपए गुमने के संबंध में पूछताछ किया गया, जिसमें उसके द्वारा ₹500 के नोटों का बंडल रोड में पड़ा मिला होना बताया गया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा तुरंत उक्त वृद्ध व्यक्ति के हांथों से ही आवेदक को उसके गुमे हुए पूरे पैसे ₹50,000 वापस सुपूर्द किया गया।
पुलिस टीम द्वारा आवेदक को हिदायत दिया गया कि इतनी बड़ी रकम लेकर बाहर निकलते समय रुपए को संभाल कर रखें एवं सदैव सावधान रहें। इस प्रकार चौकी करहीबाजार पुलिस की कार्यवाही एवं तत्परता से आवेदक शीतल कुमार वर्मा के गुमे हुए ₹50,000 तत्काल बरामद कर लिया गया। रूपये वापस मिलने पर आवेदक द्वारा चौकी करहीबाजार पुलिस के त्वरित कार्य की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
