संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव : जयकारी व देवबोरा संकुल में मना शिक्षा का पर्व
कुनकुरी, 19 जुलाई 2025 : विकास खंड कुनकुरी के संकुल केन्द्र जयकारी एवं देवबोरा के अंतर्गत आने वाली शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कमतारा में सत्र 2025-26 का शाला प्रवेश उत्सव अत्यंत उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन न केवल विद्यालयी शिक्षा की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक बना, बल्कि इसमें शामिल प्रत्येक गतिविधि ने शिक्षा, संस्कृति और भावनात्मक जुड़ाव की मिसाल भी पेश की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ, जिसके बाद पूर्व माध्यमिक शाला देवबोरा की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने वातावरण को और अधिक जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक रूप से पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। विशेष रूप से नवप्रवेशी बच्चों का अभिनंदन बेहद आत्मीयता और गरिमा के साथ किया गया—उन्हें तिलक लगाकर, मुकुट पहनाकर, बैज, पुष्पगुच्छ और लड्डू खिलाकर विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया। साथ ही बच्चों को पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता सिंह ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में पालकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने, स्वच्छता का ध्यान रखने और घर पर भी पढ़ाई के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। विशिष्ट अतिथि बालेश्वर यादव, शिक्षा समिति अध्यक्ष एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कुनकुरी, ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को समय का सदुपयोग करते हुए लक्ष्य आधारित शिक्षा पर बल दिया।

इस उत्सव का विशेष आकर्षण रहा “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम, जिसके अंतर्गत उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और मातृभक्ति दोनों का अद्भुत संगम बन गई। इससे यह संदेश भी गया कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ प्रकृति के संरक्षण के प्रति भी समाज को जिम्मेदार बनना चाहिए।
संकुल शैक्षणिक समन्वयक आदित्य नारायण गुप्ता द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा तीसरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही संकुल क्षेत्र की सभी शालाओं के शिक्षक-शिक्षिकाओं को डायरी एवं पेन भेंट कर उनके समर्पण और सेवा भावना के लिए सम्मानित किया गया।
इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं संकुल प्राचार्या श्रीमती असुन्ता किस्पोटा ने सभी अतिथियों, पालकों और प्रतिभागियों का हृदय से स्वागत करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास तो बढ़ाते ही हैं, साथ ही पालकों और शिक्षकों के बीच संवाद की मजबूत कड़ी भी बनते हैं।
इस अवसर पर अन्य सम्मानित अतिथियों में अभिषेक कुजूर (सरपंच ग्राम पंचायत कमतरा), शिवशंकर सिंह सुमन (महामंत्री ग्रामीण मंडल), धहरू राम भगत (शिक्षा विद शासकीय प्राथमिक शाला जयकारी), भानु प्रताप सिंह (शाला समिति अध्यक्ष), हेमावती चौहान (वार्ड पंच), कैलाश सिंह, रामेश्वर राम, दीपक टोप्पो, सुशीला चौहान सहित बड़ी संख्या में पालकगण एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
