थाना प्रभारी नारायणपुर रामसाय पैंकरा का आकस्मिक निधन : जशपुर पुलिस को लगा गहरा झटका, रिफ्रेशर कोर्स से लौटे थे घर, करंट की चपेट में आकर बुझ गई जिंदगी की लौ, विभाग में शोक की लहर, एसएसपी ने दी श्रद्धांजलि.

जशपुर/कुनकुरी. 27 जुलाई 2025 : जशपुर जिले के थाना नारायणपुर के प्रभारी निरीक्षक रामसाय पैंकरा का आज आकस्मिक निधन हो गया। वे चंदखुरी में आयोजित सात दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स के उपरांत अपने गृहग्राम सुरगांव थाना सीतापुर (सरगुजा) लौटे थे, जहां वे घर में अचानक बिजली करंट की चपेट में आ गए। रामसाय पैंकरा एक सरल, सौम्य एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में पूरे जशपुर जिले में सम्मानित थे। उनके निधन से पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है। वे फरवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे विभाग की अपूरणीय क्षति बताया है।

स्व. श्री रामसाय पैंकरा जशपुर जिले के थाना नारायणपुर में प्रभारी के पद पर पदस्थ थे। पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित चंदखुरी में 07 दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में सम्मिलित होने हेतु वे यहां से गए थे, कोर्स समाप्ति उपरांत वे दिनाँक 27 जुलाई 2025 को अपने घर सुरगांव थाना सीतापुर आये थे, इसी दौरान घर में बिजली करंट की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई।

स्व. श्री रामसाय पैंकरा का जन्म दिनाँक 02 जनवरी 1964 को हुआ था एवं पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर नियुक्ति जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में दिनांक 01 जून 1983 को हुई थी, उनकी पदोन्नति वर्ष 1995 में प्रधान आरक्षक के पद पर, वर्ष 2004 में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर, वर्ष 2009 में उपनिरीक्षक के पद पर हुई थी एवं 2014 से वे निरीक्षक के पद पर कार्य कर रहे थे। अगले साल फरवरी 2026 में उनका रिटायरमेंट होना था।

Related posts