स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए चला विशेष अभियान : जशपुर पुलिस का स्कूली वाहनों पर सख्त पहरा, यातायात नियमों के उल्लंघन पर जशपुर पुलिस की कड़ी कार्रवाई, 10 वाहनों से वसूला गया जुर्माना.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर यातायात पुलिस जशपुर के द्वारा के द्वारा निरन्तर स्कूली बच्चों का परिवहन करने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है तथा वाहन चालकों व वाहन के मालिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु समझाइश भी दी जा रही है, जिससे कि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

इसी क्रम में यातायात पुलिस जशपुर के द्वारा दिनांक 02 अगस्त 2025 को विशेष अभियान चला कर, गिरांग चौक जशपुर में स्कूली वाहनों की चेकिंग की गई, जिसमें निर्धारित सीमा से अधिक बच्चों का परिवहन करने वाले व निर्धारित गति से अधिक तेजी से वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को रोककर, उन्हें यातायात नियमों के पालन हेतु समझाइश देते हुए, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना वसूला गया।

चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस जशपुर के द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले 10 वाहनों के विरुद्ध 3000/- रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई।

वाहन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस के द्वारा स्कूली वाहन चालकों को  नशे में वाहन न चलाने, निर्धारित संख्या से अधिक बच्चों का परिवहन न करने, तेज गति से वाहन न चलाने हेतु समझाइश दी गई, साथ ही स्कूली वाहनों के ब्रेक, रेडियम पट्टी, उनकी फिटनेस, इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गई व वाहन चालकों को नियमित रूप से अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने हेतु भी कहा गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना था, यातायात पुलिस के द्वारा नियमित रूप से स्कूली वाहनों की जांच की जाती रहेगी, बच्चों की सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर, वाहन चालकों व मालिकों के विरुद्ध कठोर कानूनी दंडात्मक कार्यवाही की जावेगी।

Related posts