कुनकुरी, 10 अगस्त 2025 : जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम कंडोरा कदमटोली में रविवार, 10 अगस्त को सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के 23 वर्षीय युवक अर्जुन राम पिता राम कुंवर राम की मंदिर तालाब में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है, जब अर्जुन राम नहाने के लिए घर से मंदिर तालाब की ओर गया था।
सूचना देने वाले आनंद राम पिता स्व. जगन राम ने बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी उन्होंने अपने भतीजे अर्जुन राम को नहाने जाते हुए देखा। कुछ देर बाद गांव की ही विजय की पत्नी कमला बाई आईं और बताया कि अर्जुन तालाब के किनारे कपड़े उतारकर गहरे पानी में कूद गया था और फिर बाहर नहीं निकला।
यह सुनते ही आनंद राम व अन्य ग्रामीण तुरंत मंदिर तालाब पहुंचे और खोजबीन शुरू की। गांव वालों ने गहरे पानी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद अर्जुन राम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अर्जुन की मौत तालाब के गहरे हिस्से में चले जाने और डूबने से हुई।
सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 61/2025 के तहत मामला दर्ज कर पंचनामा कार्यवाही शुरू की। पुलिस ने घटना की जानकारी एसडीएम कुनकुरी को भी दी है। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की साजिश या संदेहजनक पहलू सामने नहीं आए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, अर्जुन राम स्वभाव से हंसमुख और मिलनसार युवक था, जिसकी अचानक हुई मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्यवाही जारी है।
