पानी रोकने के बने मेड़ पर विवाद में पड़ोसी की हत्या : रात में सोते समय टांगी से वार, खून से सनी खाट, मेड़ विवाद में गुस्साए युवक ने पड़ोसी की टांगी से ली जान, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल.

जशपुर. 11 अगस्त 2025 : जशपुर जिले के चौकी पंडरापाठ क्षेत्र के ग्राम भड़िया, डूमर पारा में पानी रोकने के लिए बनाए गए मेड़ से उपजे विवाद में पड़ोसी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी दिलसाय नागेश (26) ने रात में सोते समय अपने पड़ोसी शंकर राम (52) पर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने महज कुछ घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 10 अगस्त 2025 को प्रार्थी अरविंद राम, उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम भड़िया, डूमर पारा , चौकी पंडरापाठ , जो कि मृतक शंकर राम का बेटा है, ने चौकी पंडरा पाठ में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 09 अगस्त 2025 को उसके पिता शंकर राम उम्र 52 वर्ष, प्रार्थी के चाचा विजय राम के साथ, एक रिश्तेदार के यहां, चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत ही एक ग्राम घोरडेगा में मेहमानी गए थे। उक्त दिनांक को ही शाम करीबन 04:00 बजे प्रार्थी का पिता मृतक शंकर राम, प्रार्थी के चाचा विजय राम के साथ मेहमानी से पैदल वापस लौटते वक्त, ग्राम भड़िया में आरोपी दिलसाय नागेश के घर के पीछे, पानी को रोकने हेतु बनाए गए मेड़ में टकरा कर गिर गया।

जिससे नाराज होकर मृतक शंकर राम, मेड़ बनाने की बात को लेकर आरोपी दिलसाय राम के साथ वाद-विवाद करने लगा। आरोपी दिलसाय राम के द्वारा भी शंकर राम के साथ गाली-गलौच व मारपीट की गई, इसी दौरान हल्ला गुल्ला को सुनकर मृतक शंकर राम के परिजन आए व बीच बचाव कर मृतक शंकर राम को अपने घर ले गए, रात्रि में लगभग 10:00 बजे मृतक शंकर राम व उनके परिजन खाना खाकर सोने चले गए, मृतक शंकर राम घर के बाहर परछी में सोया था व परिजन घर के अंदर सोए हुए थे। दिनांक 10 अगस्त 2025 की सुबह जब मृतक शंकर राम के परिजन, उठकर देखे, तो पाया कि शंकर राम, घर के बाहर परछी में अपनी खाट में लहू लुहान स्थिति में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। प्रार्थी को संदेह है कि आरोपी दिलसाय राम के द्वारा ही उसके पिता शंकर राम की हत्या की गई है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल चौकी पंडरापाठ में हत्या के लिए बीएनएस की धारा 103(1) व 238 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया। पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना-स्थल का निरीक्षण कर, मृतक शंकर राम के शव का पंचनामा कर, पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के द्वारा मामले के आरोपी दिलसाय राम को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस की पूछताछ पर आरोपी दिलसाय राम के द्वारा अपराध स्वीकार करते हुए बताया गया कि दिनांक 09 अगस्त 2025 को उसके द्वारा पानी रोकने हेतु बनाए गए मेड़, में गिरने के कारण, मृतक शंकर राम उससे गाली-गलौच कर रहा था, इसी बात से क्षुब्ध होकर, आरोपी रात को अपने घर से टांगी लेकर, मृतक शंकर राम के घर आया, मृतक शंकर राम घर के बाहर परछी में सो रहा था, इसी दौरान उसके द्वारा टांगी से मृतक के सिर व चेहरे पर तीन, चार वार किया गया, जिससे शंकर राम के मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस के द्वारा आरोपी दिलसाय राम के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी जप्त कर लिया गया है।

Related posts