हजारों कदम, एक लक्ष्य – स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जशपुर में निकली भव्य स्वतंत्रता दौड़ ने दिया सुरक्षित, जागरूक और नशामुक्त भारत का संदेश

स्वतंत्रता दौड़ 2025 : देशप्रेम के साथ यातायात जागरूकता और नशामुक्त भारत अभियान का दिया गया प्रभावी संदेश, नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ

जशपुर, 14 अगस्त 2025/ स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आज सुबह स्वतंत्रता दौड़ 2025 का भव्य आयोजन किया गया। विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। इस दौड़ में छात्रों के साथ नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार, सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक, अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एसडीएम विश्वास राव मस्के, डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

दौड़ प्रातः 7:30 बजे जय स्तंभ चौक से प्रारंभ होकर महाराजा चौक, बस स्टैंड मार्ग, तालाब रोड, पुरानी टोली से होते हुए रणजीता स्टेडियम में संपन्न हुई। मार्ग में बैनर और पोस्टर लेकर दौड़ते धावकों ने देशप्रेम के प्रदर्शन के साथ यातायात जागरूकता, सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा और नशामुक्त भारत अभियान का प्रभावी संदेश भी दिया।

नशा हमें शारीरिक और आर्थिक रूप से कमजोर करता है: विधायक रायमुनी भगत

स्वतंत्रता दौड़ के समापन के उपरांत रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि कल स्वतंत्रता दिवस है। आज़ादी के महानायकों ने अपना बलिदान देकर हमें स्वतंत्रता दिलाई है। हमें उनके सपनों का भारत बनाना है। उन्होंने नशे को समाज के लिए घातक बताते हुए कहा कि यह हमें शारीरिक और आर्थिक रूप से बेहद कमजोर कर देता है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए यह भी आवश्यक है कि समाज में जागरूकता बढ़ाकर इन कुरीतियों को दूर किया जाए।

कलेक्टर रोहित व्यास ने स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई दी और कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए बनाए गए नियमों का पालन कर हम कई कीमती जानों को बचा सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील की हम सब अपने घरों में बताएं कि जब भी मोटर वाहन से वे बाहर जाएं तो सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर और सीट बेल्ट लगाकर जाएं। कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि नशे की वजह से भी दुर्घटना में वृद्धि हुई है। हम सभी को नशा के खिलाफ भी जागरूकता प्रसार कर समाज को सशक्त बनाना है।

इस अवसर पर पार्षद एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष राजू गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. जी. एस. जात्रा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास संजय सिंह, ओमप्रकाश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Related posts