मुखबिर की सूचना पर चौकी मनोरा पुलिस ने की कार्यवाही, आरोपी तस्कर फरार, पुलिस कर रही है पतासाजी, शीघ्र ही की जावेगी गिरफ्तारी, मामला चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपियों के विरुद्ध चौकी मनोरा में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,6,10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
जशपुर. 14 अगस्त 2025 : जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी मनोरा क्षेत्र से 13 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मुखबिर की पुख्ता सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से सभी गौवंश सकुशल बरामद किए, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश पर गौ तस्करी के विरूद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है, इसी क्रम में जशपुर पुलिस के द्वारा चौकी मनोरा क्षेत्र से फिर 13 नग गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सफलता मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13 अगस्त2025 की रात्रि को चौकी मनोरा पुलिस को मुखबीर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम टेंपू, डांडटोली नदी के रास्ते 12 से 13 नग गौ वंशों को हांक कर बेरहमी पूर्वक मारते पीटते हुए पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। जिस पर चौकी मनोरा, पुलिस के द्वारा सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, त्वरित कार्यवाही कर पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना अनुसार ग्राम चढ़िया, लावा नदी के पास स्थित निर्माणाधीन पुल के पास जाकर देखा तो पाया कि दो व्यक्ति गौ वंशों को हांकते हुए, तेजी से ले जा रहे हैं।
पुलिस के द्वारा जब तस्करों को पकड़ने हेतु घेराबंदी की जा रही थी, इसी दौरान तस्कर, पुलिस को देख रात्रि का फायदा उठा कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सभी 13 नग गौ वंशों को सकुशल बरामद कर लिया है व पशु चिकित्सक से गौ वंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। पुलिस के द्वारा फरार तस्करों की पता साजी की जा रही है, जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।
प्रकरण में पुलिस के द्वारा आरोपी गौ-वंश तस्करों के विरुद्ध चौकी मनोरा थाना जशपुर में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व गौ-वंशों की सकुशल बरामदगी में चौकी प्रभारी मनोरा उपनिरीक्षक दिनेश कुमार पुरैना, सहायक उपनिरीक्षक बाल कृष्णा भगत, प्रधान आरक्षक वितीन राम, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक रोशन पैंकरा, आरक्षक भीख राम राम, आरक्षक रविन्द्र सिंह, व आरक्षक जगजीवन राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल कुमार सोनी ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के अंतर्गत चौकी मनोरा क्षेत्र से 13 गौ वंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया है, तस्करी में संलिप्त लोगों की पता साजी की जा रही है। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
