नाबालिग बालिका का अपहरण कर जबरन दुष्कर्म करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल.
आरोपी मनदीप राम उम्र 21 वर्ष के विरुद्ध चौकी पंडरापाठ में बीएनएस की धारा 137(2),64(2),65(1) व पॉस्को एक्ट की धारा 5,6 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध, मामला चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत का.
जशपुर. 16 अगस्त 2025 : जशपुर जिले की चौकी पंडरापाठ क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी मनदीप राम (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 12 अगस्त को दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से घेराबंदी कर पकड़ा। मामले में बीएनएस की धारा 137(2), 64(2), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 12 अगस्त 2025 को चौकी पंडरापाठ, क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम के प्रार्थी ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 10 अगस्त 2025 को चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत ही एक ग्राम का आरोपी मनदीप राम, उम्र 21 वर्ष, उसकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी का अपहरण कर जबरन अपने साथ ले गया था, प्रार्थी व उनके परिजनों के द्वारा अपनी नाबालिग बेटी की पतासाजी की जा रही थी। दिनांक 12 अगस्त 2025 को प्रार्थी की अगस्त बेटी गांव के पास स्थित एक जंगल में अकेली मिली। पूछताछ पर उसकी नाबालिग बेटी ने बताया कि आरोपी मनदीप राम के द्वारा उसे जबरन अपने साथ ले जाकर दो दिनों तक जंगल में रखा गया था, इस दौरान आरोपी ने नाबालिग पीड़िता से जबरन दुष्कर्म भी किया।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस के द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए चौकी पंडरापाठ में बीएनएस की धारा 137(2),64(2),65(1) व पॉस्को एक्ट की धारा 5,6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया व नाबालिग पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कर ईलाज कराया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी मनदीप राम उम्र 21 वर्ष को उसके घर से घेरा बंदी कर हिरासत में लिया गया।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी मनदीप राम उम्र 21 वर्ष के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी पंडरापाठ उपनिरीक्षक सतीश सोनवानी, प्रधान आरक्षक राजेश कुजूर, आरक्षक अरुण राम व आरक्षक दिनेश्वर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल कुमार सोनी ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, चौकी पंडरापाठ क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल गया है।
