कुनकुरी में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास : जैन मंदिर मार्ग पर दो व्यवसायियों के घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा, महिला की आहट से चोर छत से कूदकर हुआ फरार

कुनकुरी पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की कर रही तलाश

कुनकुरी, 24 अगस्त 2025 थाना क्षेत्र कुनकुरी में आज रविवार शाम लगभग 5 बजे जैन मंदिर मार्ग पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो व्यवसायियों के सूने घरों में चोरी का प्रयास किया गया। नगर के बीचोबीच हुए इस साहसी वारदात ने लोगों को दहला दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जैन मंदिर रोड निवासी वेद प्रकाश अग्रवाल और उनके पड़ोसी अनिल तिवारी के मकानों को निशाना बनाया गया। वेद प्रकाश अग्रवाल के घर में उस समय केवल एक महिला मौजूद थीं, जो किसी काम से बाहर गई हुई थीं। लौटने पर जब उन्होंने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया तो हैरान रह गईं। आसपास के लोगों की मदद से जब दरवाजा खोला गया, तभी अचानक आहट सुनकर भीतर छिपा चोर घबराकर छत से कूदकर फरार हो गया।

घर के अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए—अलमारी का ताला टूटा हुआ था, सामान बिखरा पड़ा था और कई जगहों पर तोड़फोड़ के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।

इस दुस्साहसिक वारदात से न केवल जैन मंदिर मार्ग बल्कि पूरे नगर में असुरक्षा और भय का माहौल बन गया है। दिनदहाड़े व्यस्त मार्ग पर स्थित मकान में चोरी का प्रयास होना पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।

घटना की जानकारी मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है।

Related posts