4 लाख 50 हजार के गांजे सहित, आरोपी की स्कॉर्पियो व स्कूटी को भी पुलिस ने किया जप्त.
आरोपी निगरानी बदमाश रामप्रताप यादव, अपने घर में रखा था, गांजे को छुपाकर, मामला थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुकरगांव का.
मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस पहुंची, चेकिंग हेतु आरोपी के घर, तब आरोपी व उनके परिजन जबरन पुलिस से करने लगे विवाद, घर को ताला लगा हो गए थे फरार.
पुलिस ने जब विधिवत ताला तोड़, ली घर की तलाशी, तब, सोफा, कूलर व स्कॉर्पियो में छुपाकर रखा हुआ मिला, अवैध मादक पदार्थ गांजा.
पुलिस ने निगरानी बदमाश रामप्रताप यादव को ढूंढ, कर लिया है गिरफ्तार, की जा रही है शेष फरार आरोपियों की पातासाजी, शीघ्र ही किया जाएगा गिरफ्तार.
आरोपियों के विरुद्ध थाना बागबहार में 8,20(बी)(2)(C),29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
नाम गिरफ्तार आरोपी – रामप्रताप यादव, उम्र 50 वर्ष, निवासी कुकरगांव, मोहिनीपूरी थाना बागबहार, जिला जशपुर (छग)
जशपुर. 26 अगस्त 2025 : जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम कुकरगांव निवासी निगरानी बदमाश रामप्रताप यादव के घर से 16 किलो अवैध गांजा बरामद कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और एक स्कूटी को भी जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25 अगस्त 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुकरगांव निवासी आरोपी राम प्रताप यादव, जो कि निगरानी बदमाश है, अवैध रूप से गांजा तस्करी के कारोबार में संलिप्त है व अपने घर में बिक्री के लिए गांजा को छुपाकर रखा है। जिस पर बागबहार पुलिस के द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर, पुलिस टीम के साथ निगरानी बदमाश की चेकिंग हेतु, ग्राम कुकरगांव, मोहनीपुरी, में आरोपी रामप्रताप यादव के घर रवाना हुए।
पुलिस जब निगरानी चेकिंग हेतु आरोपी राम प्रताप के घर पहुंची, तो राम प्रताप व उनके परिजनों के द्वारा पुलिस को देख, जबरन पुलिस के साथ वाद-विवाद करते हुए, अपने घर को ताला मारकर, फरार हो गए। पुलिस को संदेह होने पर, पुलिस के द्वारा विधिवत ताला तुड़वा कर जब घर की तलाशी ली गई, तो वहां सोफे के नीचे, कूलर के अंदर व आंगन में खड़ी सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG14MD5804 में प्लास्टिक की पोलीथीन में बांध कर छिपा कर रखा हुआ, 16 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। जिसकी बाजार में कीमत लगभग 04 लाख 50 हजार रुपए है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा सहित तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन व एक स्कूटी को भी जप्त किया है।
प्रकरण में पुलिस के द्वारा आरोपियों के विरुद्ध थाना बागबहार में 8,20(बी)(2)(C),29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी निगरानी बदमाश रामप्रताप यादव उम्र 50 वर्ष निवासी कुकरगांव मोहिनीपूरी, को हिरासत में लेकर उसके अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया है, उनकी पतासाजी जारी है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद साहू, प्रधान आरक्षक लव चौहान, महिला प्रधान आरक्षक अलिका पैंकरा, आरक्षक पवन पैंकरा व आरक्षक अजय खेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने बागबहार क्षेत्र में एक निगरानी बदमाश के कब्जे से 16 किलो गांजा बरामद किया है व उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है, नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
