चाकू से हमला करने वाले दो विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार.
बिलासपुर. 26 अगस्त 2025 : बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में चाकू से हमला करने वाले दो नाबालिग और एक युवक को पुलिस ने मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। हल्दीराम रेस्टोरेंट के सामने तितली चौक मार्ग पर समीर यादव से पैसों की मांग न पूरी होने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया था। पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल की राह दिखा दी।
दिनांक 25 अगस्त 2025 को रात्रि लगभग 02:20 बजे हल्दीराम रेस्टोरेंट के सामने तितली चौक मार्ग पर तीन युवकों द्वारा शहडोल निवासी समीर यादव से पैसों की मांग की गई। पैसे न देने पर आरोपियों ने उसके ऊपर चाकू से हमला कर चोटें पहुँचाई।
घटना की सूचना पर थाना तारबाहर में बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई।
पुलिस की सक्रियता से 24 घंटे के भीतर ही दो विधि से संघर्षरत बालकों तथा एक आरोपी अमन सारथी उम्र 20 वर्ष निवासी चिंगराजपारा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
प्राथमिक जाँच में यह सामने आया कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं। नशे की गिरफ्त में आने वाले युवाओं को चेतावनी दी जाती है कि यह राह सिर्फ बर्बादी और जेल की सलाखों तक ही ले जाती है। अगर तुरंत अपने नशे की आदत को छोड़ कर अपनी इस लत का अस्पताल से उपचार नहीं कराया गया, तो पुलिस ऐसे व्यक्तियों के जीवन का अगला ठिकाना सीधा जेल बनाएगी।
