कुनकुरी : गणेशोत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, आयोजन समितियों को मिले दिशा-निर्देश, तालाब निर्माण अधूरा रहने से विसर्जन को लेकर जताई गई चिंता

कुनकुरी, 27 अगस्त 2025गणेशोत्सव को देखते हुए आज बुधवार को कुनकुरी पुलिस थाना परिसर में स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नंद जी पाण्डे ने की। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेन्द्र पात्रे तथा थाना प्रभारी एसआई संतोष तिवारी सहित नगर के गणमान्य नागरिक, विभिन्न गणेशोत्सव समितियों के सदस्य, पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने आयोजन समितियों को शासन द्वारा जारी गणेशोत्सव संबंधी गाइडलाइन से अवगत कराया। विशेष रूप से तेज ध्वनि में डीजे बजाने पर प्रतिबंध, पंडालों में सफाई व्यवस्था हेतु कूड़ेदान की अनिवार्यता, और सार्वजनिक स्थानों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्र में इस वर्ष 12 स्थानों पर सार्वजनिक गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

विसर्जन तालाब को लेकर चिंता

बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने कुनकुरी विसर्जन तालाब का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने बताया कि तालाब का निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे मूर्ति विसर्जन के समय श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इस पर एसडीएम नंद जी पाण्डे और सीएमओ राजेन्द्र पात्रे ने समिति को आश्वासन दिया कि विसर्जन दिवस पर अस्थायी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यातायात व बिजली व्यवस्था पर भी चर्चा

गणेशोत्सव के दस दिवसीय आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति ने विशेष रूप से आग्रह किया कि विसर्जन शोभायात्रा के समय भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया जाए। साथ ही नगर भ्रमण के दौरान बिजली की तारों की ऊँचाई कम होने की समस्या को भी गंभीरता से उठाया गया। इस पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शोभायात्रा के पूर्व विद्युत तारों को व्यवस्थित कर सुरक्षित बनाया जाएगा।

सहभागिता और सहयोग का संकल्प

बैठक में मौजूद अधिकारियों और समिति सदस्यों ने संकल्प लिया कि गणेशोत्सव को शांति, सौहार्द और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जाएगा। प्रशासन ने सभी समितियों से अपील की कि वे शासन की गाइडलाइन का पालन करें और नगर की स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

Related posts