गौ-तस्करी पर पुलिस का प्रहार: ऑपरेशन शंखनाद का बड़ा धमाका, जशपुर पुलिस ने गौ-तस्करों की तोड़ी कमर, 25 गौवंश सुरक्षित बरामद, अब तक 1250 गौ-वंश मुक्त, जशपुर में दो तस्कर गिरफ्तार कर भेजा गया जेल.

ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश में लगातार गौ तस्करों के खिलाफ कार्यवाही कर रही है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस के द्वारा अब तक 1250 गौ-वंशों को मुक्त कराया गया है। इसी क्रम में गत चार दिनों में पुलिस ने थाना लोदाम व चौकी पंडरापाठ तथा चौकी करडेगा क्षेत्र से 25 नग गौ-वंशों को तस्करों से छुड़ाया है, साथ ही गौ-वंश तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जप्त किया है। पुलिस ने चौकी करड़ेगा क्षेत्र से दो गौ तस्करों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 24 अगस्त 2025 को लोदाम पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिक-अप वाहन क्रमांक JH01CG7279 में कुछ व्यक्ति गौ-वंशों को बेरहमीपूर्वक भर कर, थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत, ग्राम जामटोली से होते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।

जिस पर पुलिस के द्वारा मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, ग्राम जामटोली में नाकाबंदी की गई थी, व संदिग्ध पिक-अप वाहन का पुलिस के द्वारा पीछा भी किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को पीछा करते देख आरोपियों के द्वारा पिक-अप वाहन को तेजी से भगाते हुए,ग्राम जामटोली के पुलिया के पास पिक-अप वाहन को छोड़कर भाग गए। पुलिस के द्वारा फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है, जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के द्वारा जब मौके पर संदिग्ध पिकअप वाहन की तलाशी ली गई, तो उसके ट्रॉली में कुल 14 नग गौ-वंशों को बेरहमीपूर्वक, ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। जिसे कि पुलिस के द्वारा सकुशल बरामद, कर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है।

इसी क्रम में लोदाम पुलिस के द्वारा दिनांक 27 अगस्त 2025 को भी 04 नग गौ-वंशों को एक स्कॉर्पियो वाहन से बरामद किया गया है। थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम भलमुंडा चौक की ओर से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक JH10AQ1376 में ग्राम पोड़ी के रास्ते गौ-वंश तस्करी की सूचना पर पुलिस के द्वारा, ग्राम पोड़ी के पुलिया के उक्त संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को बरामद किया गया। आरोपी तस्कर पुलिस को देख कर फरार हो गए, जिनकी पुलिस के द्वारा पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने जब स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी ली, तो पाया कि आरोपी तस्करों के द्वारा स्कॉर्पियो की पैसेंजर सीट को निकाल दिया गया था, व उसी में 04 नग गौ-वंशों को बेरहमीपूर्वक भरा गया था। पुलिस ने सभी 04 नग गौ-वंशों को बरामद कर लिया है।

इसी प्रकार चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत मामले में दिनांक 24 अगस्त 2025 की रात्रि 11:00 बजे चौकी पंडरापाठ पुलिस को  प्रार्थी कृष्णा कुमार भगत, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बुरजुडीह के द्वारा फोन से सूचना मिली थी कि उसकी महिंद्रा ट्रैक्टर, ग्राम बुरजुडीह में ही खराब होने के कारण रोड में खड़ी थी, इसी दौरान रात्रि करीबन 11:00 बजे वहां एक पिक-अप वाहन आकर रुका था, प्रार्थी के द्वारा जब पिक-अप के पीछे ट्रॉली में जाकर देखा गया तो पाया कि उसमें मवेशी (भैंस) को ठूंस- ठूंस कर भरा गया था।

सूचना पर चौकी पंडरापाठ पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, ग्राम बुरजुडीह रवाना होकर, देखा तो पाया कि एक पिक-अप क्रमांक UP64BT5312 में 05 नग मवेशी (भैंस) को रस्सी से बाहर भरा गया है, व आरोपी तस्कर फरार हैं, जिनकी पुलिस के द्वारा पातासाजी की जा रही है। पुलिस ने मौके से सभी 05 नग मवेशी (भैंस) को बरामद कर लिया है व तस्करी में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक UP64BT5312 को भी जप्त कर लिया गया है।

चौकी करड़ेगा क्षेत्रांतर्गत मामले में भी पुलिस ने दिनांक 26 अगस्त 2025 को ग्रामीणों की सूचना पर दो नग गौ-वंशों को पैदल हांक कर ले जाते हुए, दो आरोपी तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है, व उनके कब्जे से 02 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया है।

उक्त प्रकरणों में पुलिस के द्वारा आरोपी तस्करों के विरुद्ध छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,6,10, व कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है, व चौकी करड़ेगा क्षेत्रांतर्गत गिरफ्तार दोनों तस्करों क्रमशः 1. रविशंकर यादव, निवासी गोड़अम्बा, चौकी करड़ेगा, जिला जशपुर (छ ग) एवं 2. सोमारु कोरवा, निवासी गोड़अम्बा, चौकी करड़ेगा, जिला जशपुर (छग) के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। मामले में पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त 02 पिक-अप व एक स्कॉर्पियो वाहन को भी जप्त कर लिया गया है।

Related posts