रायपुर, 28 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस और आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विरुद्ध की गई अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति विशेष पर आघात नहीं है, बल्कि पूरे भारत की आत्मा और संस्कृति पर गहरी चोट है।
श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का जीवन प्रत्येक भारतवासी के लिए प्रेरणा है। एक साधारण परिवार में जन्मे, माँ के संघर्षों और संस्कारों से गढ़े पुत्र ने राष्ट्र सेवा को अपना ध्येय बनाकर आज पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। ऐसे में प्रधानमंत्री जी का अपमान वास्तव में 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में असहमति और विचार भिन्नता लोकतंत्र का हिस्सा है, किंतु व्यक्तिगत आक्षेप और अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति का घोर उल्लंघन है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इस तरह की ओछी और नकारात्मक राजनीति पर उतर आए हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि बिहार की जनता इस अभद्र राजनीति को नकारेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भारतवासी अपने प्रिय प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान और विश्वास रखते हैं तथा राष्ट्रहित में किए जा रहे उनके कार्यों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
