ऑपरेशन अंकुश की बड़ी कामयाबी : म्यूल अकाउंट से चालीस लाख की साइबर ठगी का सनसनीखेज खुलासा, जशपुर पुलिस ने फरार साइबर आरोपी फिरोज खान को रायपुर से गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड में जेल.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश में जशपुर पुलिस साइबर ठगी पर रोक लगाने हेतु म्यूल अकाउंट (साइबर ठगी हेतु किराए पर बैंक खाता देना) को चिन्हित कर उनके विरूद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है। इसके पूर्व भी जशपुर पुलिस के द्वारा, दुलदुला, कुनकुरी व जशपुर क्षेत्रांतर्गत म्यूल खाताधारकों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए, आरोपियों को जेल भेजा गया है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस के साइबर सेल के द्वारा आईडीएफसी बैंक के पत्थलगांव शाखा में एक म्यूल अकाउंट क्रमांक 10170772636 को,  जिससे कि देश के विभिन्न लोगों से अवैध रूप से ठगी की रकम की ट्रांजेक्शन की गई थी, को चिन्हित कर पत्थलगांव पुलिस को जांच विवेचना व कार्यवाही हेतु भेजा गया था। जिस पर पुलिस के द्वारा मामले में बीएनएस की धारा 317(2)(4),318(4),61(2)(a) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध करते हुए जांच विवेचना में लिया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने जब उक्त संदेही म्यूल अकाउंट के खाताधारक के संबंध में बैंक से जानकारी ली तो पता चला कि उक्त खाता ग्राम कापू जिला रायगढ़ निवासी एक व्यवसायिक महिला यशोदा कुर्रे का है, जो कि कापू में ही कुर्रे कंप्यूटर्स के नाम से फोटो कॉपी व स्टेशनरी दुकान चलाती है। पुलिस के द्वारा जब उक्त व्यावसायिक महिला से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि वह उसका आईडीएफसी बैंक पत्थलगांव में चालू खाता क्रमांक 10170772636 है, जिसमें वह व्यावसायिक लेन-देन करती है। दिसम्बर 2024 में रामपुर कोरबा निवासी फिरोज खान जो कि अपने आप को मानवाधिकार कार्यकर्ता बताता था, उसके दुकान में आने-जाने से उसका जान पहचान हो गया था। इसी दौरान एक दिन आरोपी फिरोज खान के द्वारा व्यवसायी महिला यशोदा कुर्रे को बोला गया कि मेरे खाते में अत्यधिक ट्रांजेक्शन हो जाने से उसका खाता होल्ड हो गया है, उसके विभाग से पैसा आने वाला है, जो कि खाता होल्ड होने के कारण नहीं आ पा रहा है, पैसा मंगवाने के लिए खाते की आवश्यकता है, कह कर यशोदा कुर्रे को झांसे में लेते हुए उसका खाता नंबर व खाते से लिंक मोबाइल सिम को ले लिया गया और मोबाइल सिम को वापस मांगने पर सिम गुम हो जाना बताया, तब यशोदा कुर्रे के द्वारा  नया मोबाइल सिम लेकर पुनः पुराने मोबाइल नंबर को चालू कराया गया व आईडीएफसी बैंक पत्थलगांव जाकर अपने खाते की जांच कराने पर पता चला कि आरोपी फिरोज खान के द्वारा उसके खाते व मोबाइल नंबर का दुरूपयोग करते हुए  उसके खाते से 02 लाख 91 हजार 500/- रुपए को निकाल लिया गया है। पुलिस की जांच में पता चला है कि उक्त संदेही खाते से आरोपी फिरोज के द्वारा लगभग 40 लाख रुपए, रकम का अवैध रूप से ट्रांजेक्शन किया गया है।

मामले में पुलिस के द्वारा लगातार आरोपी फिरोज खान की पातासाजी की जा रही थी, जो कि घटना दिनांक से ही फरार था।  पुलिस उसके निवास स्थान सहित छिपने के अन्य सम्भावित जगहों पर दबिश दे रही थी व पुलिस के मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था, साथ ही पुलिस की टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को टेक्निकल टीम व मुखबिर से पता चला कि फरार आरोपी फिरोज खान, रायपुर में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम के द्वारा रायपुर जाकर, आरोपी को हिरासत में लेते हुए वापस लाया गया।

पुलिस की पूछताछ पर आरोपी फिरोज खान के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Related posts