जशपुर में निकला ईद मिलादुन्नबी का जुलूस : जशपुर में उमड़ा जनसैलाब, हुज़ूर-ए-पाक की शान में गूंजे नारे और नात, शहर में गूंजा मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम.

पूरे जिले में ईद मिलादुन्नबी का पर्व मुस्लिम समाज द्वारा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जशपुर नगर में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। हाथों में झंडे, नारे और धार्मिक गीतों के साथ पूरे नगर का माहौल जश्न-ए-ईद-मिलादुन्नबी से गूंज उठा।

जुलूस की शुरुआत जामा मस्जिद से हुई और शहरभर में घूमते हुए यह दरगाह परिसर में पहुंचकर संपन्न हुआ। रास्ते भर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने हुज़ूर-ए-पाक की शान में नात, कलाम और सलाम पेश किए। इसी दौरान रैहान खान द्वारा प्रस्तुत “हुज़ूर आये” कलाम ने महफ़िल का रंग और भी बढ़ा दिया और उपस्थित लोग झूम उठे।

जुलूस की समाप्ति के अवसर पर दरगाह परिसर में विशेष दुआ का आयोजन किया गया। हज़रत मौलाना मंसूर ने देश में अमन, भाईचारा और शांति कायम रहने की दुआ की। साथ ही हाल ही में पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए विशेष दुआ की गई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के सदस्य फैज़ान सरवर खान ने कहा – “ईद मिलादुन्नबी का यह जुलूस हमें नबी-ए-करीम के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद दिलाता है। उन्होंने पूरी मानवता को शांति, मोहब्बत और भाईचारे का पैग़ाम दिया था। आज जरूरत है कि हम उन शिक्षाओं पर चलकर समाज में सौहार्द और आपसी भाईचारा कायम करें।”

Related posts