आटा चक्की, दुकान और बाइक चोरी का खुलासा :  ओड़गी पुलिस ने 48 घंटे में किया कमाल, पकड़ा 1 नाबालिग सहित चार चोर को, 80 किलो चावल, 35 हजार नगदी और बाइक जब्त, न्यायालय एवं किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया गया प्रस्तुत.

ग्राम खर्रा ओड़गी निवासी लोकेन्द्र गुर्जर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 30 अगस्त 2025 को अपना आटा चक्की को रात्रि में ताला बंद कर घर चला गया, अगले दिन सुबह जब आया तो देखा कि दरवाजा में लगे ताला को खोलकर अंदर रखे 80 किलो चावल व ग्रेडर मशीन को कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। दूसरे मामले में ग्राम खर्रा निवासी रामनारायण उर्फ ललन ने दिनांक 02 सितंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 19 अगस्त 2025 के रात्रि में अपना दुकान बंद कर गांव में चल रहे भजन में गया था, जहां से वापस आने पर देखा कि कपड़ा एवं दुकान का सामान बिखरा पड़ा है, 35 हजार रूपये सामान लाने के लिये रखा था वह भी नहीं है, कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। तीसरे मामले में ओड़गी निवासी सोनू राम पाल ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 28 अगस्त 2025 के रात्रि में अपने हीरो एचएफ डिलक्स मोटर सायकल को घर के बाहर खड़ा कर लॉक किया था, दूसरे दिन देखा कि मोटर सायकल वहां नहीं है। कोई अज्ञात चोर मोटर सायकल को चोरी कर ले गया है। तीनों ही रिपोर्ट पर पुलिस ने चोरी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ किया।

प्रकरण की सूचना पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। थाना ओड़गी पुलिस ने विवेचना के दौरान संदेही सुनील सिंह पिता स्व. राजेश उम्र 20 वर्ष, अंकित सिंह पिता सुरविंद उम्र 21 वर्ष व बाबुलाल राजवाड़े पिता दुहन उम्र 27 वर्ष तीनों निवासी ग्राम खर्रा को पकड़ा। पूछताछ पर तीनों ने मिल कर आटा चक्की से चावल व ग्रेन्डर मशीन तथा रामनारायण के दुकान से आरोपी सुनील व अंकित के द्वारा 35 हजार रूपये की चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर 80 किलो चावल, ग्रेन्डर मशीन, 14100/- रूपये नगदी एवं चोरी की रकम से खरीदे गए 1 मोबाईल को जप्त कर तीनों को गिरफ्तार किया गया।

मोटर सायकल चोरी के मामले की विवेचना के दौरान मुखबीर से प्राप्त सूचना के आधार पर एक विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक को पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने मोटर सायकल चोरी करने की बात कबूली, जिसके निशानदेही पर मोटर सायकल बरामद कर विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

Related posts