नशे में धुत आरोपी ने गणेश प्रतिमा विसर्जन में शामिल लोगों पर चढ़ा दी थी अपनी गाड़ी, मामला थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जूरुडांड का.
आरोपी चालक सुखसागर दास को घटना दिनांक को ही पुलिस ने ले लिया था, हिरासत में, अत्यधिक घायल होने से अंबिकापुर में चल रहा था इलाज.
ठीक होने पर पुलिस ने आरोपी सुखसागर दास को विधिवत किया गिरफ्तार.
आरोपी चालक सुखसागर दास उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम कुदमुरा, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर (छग) के विरुद्ध थाना बगीचा में बीएनएस (BNS) की धारा 281, 125(A), 105 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
पुलिस ने घटना कारित बोलेरो वाहन क्रमांक CG 15 CR1429 को भी किया है जप्त.
जशपुर. 07 सितंबर 2025 : जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जूरुडांड में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। नशे में धुत बोलेरो चालक सुखसागर दास ने जुलूस में शामिल ग्रामीणों पर गाड़ी चढ़ा दी, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद घायल आरोपी का इलाज कराया गया और स्वस्थ होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है और आरोपी पर बीएनएस की धारा 281, 125(A), 105 के तहत अपराध दर्ज किया है।

दिनांक 02 सितंबर 2025 को थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जूरुडांड में ग्रामीणों के द्वारा रात्रि करीबन 11:00 बजे गणेश प्रतिमा को विसर्जन हेतु ले जाया जा रहा था, जिसमें लगभग 100-150 ग्रामीण सम्मिलित थे व पीछे ट्रैक्टर व डीजे चल रहा था। इसी दौरान आरोपी चालक सुखसागर दास जो कि थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुदमुरा का निवासी है, के द्वारा नशे में धुत होकर, अपने बोलेरो वाहन क्रमांक CG 15 CR 1429 को तेजी से चलाते हुए, गणेश प्रतिमा विसर्जन में सम्मिलित लोगों पर अपनी बोलेरो वाहन को चढ़ा दिया, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासन की टीम के द्वारा तत्काल मौके पर पहुंच कर यथा शीघ्र घायलों को इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया था। साथ ही जिले के कलेक्टर रोहित व्यास व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के द्वारा घटना-स्थल पहुंच कर अन्य अधिकारियों के साथ मामले की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए घायलों के उचित ईलाज की व्यवस्था की गई थी।
पुलिस के द्वारा घटना-स्थल से ही आरोपी वाहन चालक सुखसागर दास को अभिरक्षा में लिया गया था व घटना कारित बोलेरो वाहन को भी जप्त कर लिया गया था। चूंकि आरोपी चालक सुखसागर दास भी घायल था, अतः पुलिस के द्वारा शासकीय अस्पताल अंबिकापुर में उसका इलाज कराया जा रहा था। उसके ठीक होने पर पुलिस के द्वारा पूछताछ में आरोपी सुखसागर दास के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्रकरण में इलाज के दौरान भी एक व्यक्ति की मौत हो गई है, इस प्रकार उक्त दुर्घटना में कुल चार लोगों की मौत हुई है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम जूरुडांड में गणेश विसर्जन के दौरान नशे में अपनी बोलेरो गाड़ी से लोगों को कुचलने वाले आरोपी सुखसागर को इलाज के पश्चात विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, नशे में वाहन चलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, पुलिस कड़ी कानूनी कार्यवाही करेगी।
