विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही है, सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों के प्राथमिक उपचार हेतु सड़क सुरक्षा मितानों को प्रशिक्षित.
उद्देश्य – घायलों के सही प्राथमिक उपचार से, उनकी जान बचाने में मिलेगी मदद.
16 सितंबर 25 से 08 अक्टूबर तक जारी रहेगा उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम।
प्रारम्भिक स्तर पर 250 सड़क सुरक्षा मितानों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य.
जशपुर. 16 सितंबर 2025 : जशपुर में पुलिस व प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में सड़क सुरक्षा मितानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 16 सितंबर से 8 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जिसमें 250 सड़क सुरक्षा मितानों को सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों के प्राथमिक उपचार और गोल्डन ऑवर में जीवन बचाने की तकनीक सिखाई जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों और मास्टर ट्रेनर्स की टीम इस प्रशिक्षण का संचालन कर रही है।
कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव व यातायात जागरूकता हेतु आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए, ग्रामीण/शहर स्तर पर कई नागरिकों को “सड़क सुरक्षा मितान “बनाया गया है, जिनके द्वारा लगातार आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया जाता है, जिससे कि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। चूंकि ऐसे बहुत से मामले सामने आते हैं, जिसमें कि आकस्मिक दुर्घटना होने पर, घायलों का घटना-स्थल पर सही ढंग से प्राथमिक उपचार न होने व अस्पताल पहुंचाने में देरी होने कभी कभी घायलों की जान चली जाती है।
जिसके मद्देनजर में जशपुर पुलिस व प्रशासन के द्वारा प्रारंभिक स्तर पर 250 “सड़क सुरक्षा मितानों” को दुर्घटनाओं के गोल्डन ऑवर के दौरान घायलों के प्राथमिक उपचार हेतु, प्रशिक्षित करने हेतु, दिनांक 16 सितंबर 2025 से दिनांक 08 अक्टूबर 2025 तक विशेष परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। परीक्षण के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों व स्वयं सेवकों की टीम के द्वारा सड़क सुरक्षा मितानों को परीक्षित किया जाएगा।
इसी परिपेक्ष्य में आज दिनांक 16 सितंबर 2025 को रक्षित केंद्र जशपुर के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया, उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 16 सितंबर 2025 से 21 सितंबर 2025 तक रक्षित केंद्र जशपुर में 25 सितंबर 2025 से 27 सितंबर 2025 तक थाना परिसर कुनकुरी में व दिनांक 06 अक्टूबर 2025 से 08 अक्टूबर 2025 तक पत्थलगांव में आयोजित किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा मितानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान उप पुलिस अधीक्षक जशपुर मंजुलता बाज, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, मास्टर ट्रेनर डॉ लक्ष्मी कांत आपाट, डॉ. ललित चौधरी, सहित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर से मास्टर ट्रेनर व्याख्याता उत्तम कुमार यादव, जय हो स्वयं सेवक, मास्टर ट्रेनर रिंटा गुप्ता, रितेश भगत, नेहा एक्का व अनुरूप एक्का सहित प्रशिक्षणार्थी “सड़क सुरक्षा मितान” तथा यातायात पुलिस जशपुर के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
