दीपक बैज का बड़ा हमला: मोदी का जन्मदिन बने ‘बेरोजगारी दिवस’ और ‘महंगाई दिवस’ – कांग्रेस का बयान

भाजपा मोदी का जन्मदिन बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, किसान दगा दिवस, नोटबंदी, जीएसटी दिवस के रूप में मनाये – दीपक बैज

रायपुर/16 सितंबर 2025। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा सप्ताह के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस, किसान दगा दिवस, अनुचित नोटबंदी दिवस, अव्यवहारिक जीएसटी दिवस, जुमला दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिये। जिस महापुरुष की ख्याति जिस विषय में रहती है परंपरा है कि उस महापुरुष के जन्मदिवस को उसी के रूप में मनाया जाता है। देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू को बच्चों से प्रेम था इसलिए उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। पूर्व राष्ट्रपति शिक्षाविद सर्वपल्ली राधाकृष्णन को शिक्षकों से प्रेम था, वे खुद शिक्षाविद थे, इसलिए उनका जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है और महान इंजीनियर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया का जन्मदिवस अभियंता दिवस के रूप में मनाया जाता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उपलब्धि में देश में महंगाई बढ़ाना है, बेरोजगारी बढ़ाना है, गरीबी बढ़ाना है, भुखमरी बढ़ाना है, असमानता बढ़ाना है। मोदी की उपलब्धि में किसानों को धोखा देना है। मोदी के कार्यकाल की दो महत्वपूर्ण योजनाएं जीएसटी और नोटबंदी है। इसके अलावा कोई उपलब्धि है नहीं तो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन निश्चित तौर पर इन्ही उपलब्धियों के आधार पर मनाया जाना चाहिये। तभी उनका जन्मदिन मनाना सार्थक होगा।

Related posts