शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी दो बार पुलिस को चकमा देकर भागा, तीसरी बार रायपुर रेलवे स्टेशन से हुआ गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने भेजा जेल.

चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत एक पीड़िता ने दिनांक 08 अगस्त 2025 को चौकी सोनक्यारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत आरोपी अंकित किस्पोट्टा से फरवरी 2025 में पीड़िता के साथ शादी हेतु रिश्ता तय हुआ था, इस दौरान आरोपी अंकित किस्पोट्टा का पीड़िता के घर आना जाना होता था। दिनांक 30 मार्च 2025 को आरोपी अंकित पीड़िता के घर आया और पीड़िता के माता-पिता से पूछकर पीड़िता को मोटर साइकल में बैठा कर बगीचा क्षेत्रांतर्गत अपने गांव ले गया व उसी रात्रि को उनके परिवार के साथ खाना खाने के बाद आरोपी अंकित पीड़िता को सोने हेतु अपने कमरे में ले गया और शादी तो होने ही वाला है कहकर पीड़िता के मना करने के बावजूद शादी के पूर्व ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। फिर दूसरे दिन पीड़िता को चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत पीड़िता के घर में छोड़ दिया, तब से लेकर दिनांक 11 जून 2025 तक आरोपी अंकित हर सप्ताह में दो बार पीड़िता के घर आता था व शादी का झांसा देते हुए दुष्कर्म करता था। पीड़िता जब 04 माह की गर्भवती हो गई, तब आरोपी अंकित किस्पोट्टा शादी करने से इनकार कर रहा है।

पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी अंकित किस्पोट्टा के विरुद्ध चौकी सोनक्यारी में बिना नंबरी अपराध क्रमांक 0/25 व  बीएनएस की धारा 64 (2)(m)   के अंतर्गत एफ.आई.आर दर्ज कर घटना-स्थल थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत होने से थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 162/25 दर्ज कर जांच विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी अंकित किस्पोट्टा, घटना दिनांक से ही फरार है, पुलिस के द्वारा उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी, जिसके लिए पुलिस के मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था, साथ ही पुलिस की टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि आरोपी अंकित किस्पोट्टा रायपुर में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा थाना बगीचा से पुलिस टीम गठित कर दो बार, आरोपी को पकड़ने के लिए रायपुर भेजा गया था। परंतु आरोपी अंकित किस्पोट्टा इतना शातिर था कि दोनों बार वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस लगातार आरोपी अंकित किस्पोट्टा को ट्रेस कर रही थी, इसी दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अंकित किस्पोट्टा, रायपुर के रेलवे स्टेशन में है व कहीं भागने के फिराक में है, परंतु इस बार जशपुर पुलिस की टीम को, जीआरपी पुलिस रायपुर के सहयोग से आरोपी अंकित किस्पोट्टा को रेलवे स्टेशन में घेरा बंदी कर पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस के द्वारा फरार आरोपी अंकित किस्पोट्टा को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।

Related posts