कुपोषण से जंग : जशपुर में एक लाख की लागत से बनेंगे 100 हाई-टेक मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र ! टीवी, रंग-बिरंगी कक्षाएं और डेस्क-बेंच से सजेगी आदर्श आंगनबाड़ी, आदिवासी बच्चों को मिलेगा नया भविष्य.

जशपुर.18 सितंबर 2025 : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में विशेष संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा और बिरहोर बच्चों के लिए शिक्षा और पोषण का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अनुपमा देवी को प्रस्ताव दिया है कि जिले में 100 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित किए जाएं। इन केंद्रों में बच्चों के लिए आकर्षक रंग-रोगन, छोटे डेस्क-बेंच और शैक्षणिक कार्यक्रमों से लैस टीवी की सुविधा होगी, जिससे आदिवासी बच्चों का मानसिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास हो सके।

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियवंदा सिंह जूदेव ने रायपुर में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अनुपमा देवी से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री अनुपमा देवी एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंची थी। इस दौरान श्रीमती जूदेव ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान श्रीमती जूदेव ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि जशपुर जिले में विशेष संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा और बिरहोर निवास करती है। केंद्र और राज्य सरकार इन्हें विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास कर रही है। जिले के पहाड़ी कोरवा बाहुल्य क्षेत्र में जनमन योजना के अंर्तगत बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है।

जरूरत है इस जनजाति के बच्चों को कुपोषण से बचाते हुए इनके मानसिक और शैक्षणिक विकास की। इसके लिए एक माडल आंगनबाड़ी केंद्र की रूपरेखा तैयार की गई है। इस आंगनबाड़ी केंद्र में आकर्षक रंग-रोगन के साथ बच्चों को बैठने के लिए छोटे आकार वाली डेस्क-बेंच के साथ एक टीवी उपलब्ध कराई जाएगी। इस टीवी में सप्ताह में एक या दो दिन बच्चे टीवी देख कर राईम्स, पेटिंग बनाना तो सीखेगें ही साथ ही मनोरंजन आधारित कार्यक्रम देख कर देश और दुनिया के बारे में भी जान सकेगें। श्रीमती जूदेव ने बताया कि एक माडल आंगनबाड़ी केंद्र विकसित करने में लगभग एक लाख रूपये की लागत आएगी। जशपुर जिले में सौ आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र विकसित करने के लिए छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री अनुपमा देवी ने श्रीमती जूदेव के प्रस्ताव की प्रशंसा करते हुए, आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related posts