सिटी कोतवाली जशपुर के मामले में नाबालिग को भगा ले गया था आरोपी, वहीं चौकी सोनक्यारी के मामले में घर वालों की किसी बात से नाराज हो कर, बिना बताए चली गई थी, नाबालिग बालिका.
पुलिस ने दोनों नाबालिग बालिकाओं को ढूंढ कर दिया है परिजनों के सुपुर्द, मामला सिटी कोतवाली जशपुर व चौकी सोन क्यारी क्षेत्रांतर्गत का.
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मामले में आरोपी नवीन भगत, उम्र 19 वर्ष के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137(2), 87, 64(1) व 4, 6 पॉस्को एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
जशपुर. 20 सितंबर 2025 : जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता प्राप्त की है। अलग-अलग मामलों में गुम हुई दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने सकुशल ढूंढ निकाला और परिजनों को सुपुर्द किया। सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक मामले में नाबालिग को शादी का झांसा देकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि सोनक्यारी क्षेत्र में गुम हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने कुनकुरी थाना क्षेत्र से बरामद कर परिवार को सौंप दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश में जशपुर पुलिस गुम बच्चियों को ढूंढने हेतु ऑपरेशन मुस्कान चला रही है, जिसके तहत पुलिस लगातार गुम बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर ढूंढ रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत मामले में एक नाबालिग बालिका को ढूंढ कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया है, वहीं चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत मामले में भी एक नाबालिग बालिका को ढूंढ कर परिजनों को सौंपा गया है।
थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 20 अगस्त 2025 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की प्रार्थी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी दिनांक 19 अगस्त 2025 की शाम को घर में बिना बताए कहीं चली गई है। प्रार्थिया व उनके परिजनों के द्वारा आस-पड़ोस, रिश्तेदारों, इत्यादि में पतासाजी की गई, कहीं पता नहीं चला। उन्हें संदेह है कि उसकी नाबालिग बेटी को किसी व्यक्ति के द्वारा बहला फुसलाकर कर भगा कर ले जाया गया है।
रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में गुम इंसान व बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर, मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, पतासाजी में लिया गया था।
इस प्रकरण में कार्यवाही करते हुए पुलिस के द्वारा परिजनों के सहयोग से जशपुर क्षेत्रांतर्गत एक गांव से नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया गया है। पूछताछ पर नाबालिग बालिका ने बताया था कि उसे एक आरोपी युवक थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नवीन भगत के द्वारा शादी का झांसा देकर बहला फुसला कर भगा ले जाया गया था। इस दौरान आरोपी नवीन भगत के द्वारा नाबालिग बालिका से दुष्कर्म भी किया गया है। नाबालिग पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी नवीन भगत के विरुद्ध मामले में बीएनएस की धारा 87,64(1) व 4, 6 पॉस्को एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी नवीन भगत, उम्र 19 को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी नवीन भगत के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

इसी क्रम में चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत मामले में पुलिस ने एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को ढूंढ कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया है। प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 18 सितंबर 2025 को चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की प्रार्थिया ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 11 सितंबर 2025 को उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी घर में बिना बताए कहीं चली गई है, आसपास रिश्तेदारों में पतासाजी किए, कहीं पता नहीं चला।
जिसकी रिपोर्ट पर पुलिस के द्वारा चौकी सोनक्यारी में गुम इंसान व बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर पतासाजी में लिया गया था।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के द्वारा लगातार गुम बालिका की पातासाजी की जा रही थी, साथ ही पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद लेते हुए, मुखबिरी तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना, व परिजनों के सहयोग से पता चला कि गुम नाबालिग बालिका, कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में अपने एक रिश्तेदार के यहां है, जिस पर पुलिस के द्वारा तत्काल कुनकुरी जा कर गुम बालिका को सकुशल दस्तयाब कर वापस लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में गुम नाबालिग बालिका ने बताया कि वह अपने परिजनों की एक बात से नाराज हो कर, घर वालों को बिना बताए चली गई थी। उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। पुलिस ने गुम नाबालिग बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व गुम नाबालिग बालिका की सकुशल दस्तयाबी में चौकी प्रभारी सोन क्यारी, सहायक उपनिरीक्षक कुमार वैभव सिंह,, नगर सैनिक सिंह रवि व गुम बालिका के परिजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए, थाना सिटी कोतवाली जशपुर व चौकी सोनक्यारी क्षेत्र अंतर्गत मामले में दो बच्चियों को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है, ऑपरेशन मुस्कान निरंतर जारी है।
