प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी त्योफिल कुजूर के विरुद्ध थाना बगीचा में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2) व 299 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध, मामला थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत ग्राम टटकेला का.
नाम गिरफ्तार आरोपी-त्योफिल कुजूर उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम टटकेला, महुआटोली,थाना बगीचा, जिला जशपुर, छत्तीसगढ़.
जशपुर. 21 सितंबर 2025 : जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टटकेला में धार्मिक भावनाएं आहत करने और मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी त्योफिल कुजूर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस की तैनाती की गई है।
दिनांक 19 सितंबर 2025 को प्रार्थी डमरूधर यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम टटकेला ने थाना बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 19 सितंबर 2025 की शाम करीबन 5:30 बजे के लगभग वह ग्राम टटकेला के ही मनसुटोली में सड़क किनारे अपनी भैंस को चरा रहा था, इसी दौरान उसके गांव का ही आरोपी त्योफिल कुजूर आया व इधर भैंस क्यों चराते हो कहकर, उसको जातिगत व मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगा। जब प्रार्थी के द्वारा आरोपी से ऐसा करने का कारण पूछा गया तो, आरोपी त्योफिल कुजूर गुस्से में आकर उसे धक्का दे कर प्रार्थी के पास रखे डंडे को लूट कर मारपीट करने लगा। इस दौरान आरोपी त्योफिल कुजूर के द्वारा, प्रार्थी का गला दबाकर, उसके गले में पहने, बजरंग बलि के लॉकेट को तोड़ दिया, व प्रार्थी के हिन्दू धर्म विशेष पर अभद्र टिप्पणी करते हुए, प्रार्थी को लगभग 300 मीटर तक मारपीट करते हुए दौड़ाया।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए बगीचा पुलिस के द्वारा, मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्काल थाना में आरोपी त्योफिल कुजूर के खिलाफ बीएनएस की धारा 296,351(2),115(2) व 299 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी त्योफिल कुजूर को ग्राम टटकेला से हिरासत में लेकर लाया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी त्योफिल कुजूर के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक संतलाल आयाम, सहायक उपनिरीक्षक बैजन्ती किंडो, सहायक उपनिरीक्षक राम राम, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, प्रधान आरक्षक दामिनी टोप्पो, आरक्षक मुकेश पांडे व आरक्षक विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऐसे मामलों को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है, धार्मिक व सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जावेगी। बगीचा क्षेत्रांतर्गत मारपीट कर धार्मिक सौहार्द्र बिगाड़ने का प्रयास करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
