“ऑपरेशन क्लीन” में पुलिस ने किया बड़ा खुलासा : रायगढ़ में नशे का सिंडिकेट धराशायी, नशे के जाल में ओडिशा कनेक्शन ! रायगढ़ पुलिस ने पकड़े दो सप्लायर, उजागर हुआ नशीली इंजेक्शन रैकेट, भेजा गया रिमांड पर.

नशे के कारोबार पर नकेल कसने रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज है। इसी सिलसिले में चक्रधरनगर पुलिस ने नशीली इंजेक्शन बेचने वाले सिंडीकेट का पर्दाफाश करते हुए ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले से आए दो सप्लायरों को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट और संगठित अपराध की धाराओं में रिमांड पर भेजा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को चक्रधरनगर पुलिस ने पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव क्षेत्र में नदी किनारे छिप कर नशीली इंजेक्शन बेच रहे इंदिरा नगर निवासी धीरज बरेठ को रंगे हाथों पकड़ा था। उसकी तलाशी में आठ नग पेंटाजोसिन इंजेक्शन और बिक्री की रकम ₹300/- बरामद हुई थी। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह इंजेक्शन उड़ीसा निवासी किशन डंडारिया और रायगढ़ के चंद्रकांत निषाद उर्फ बाबू से खरीद कर महंगे दामों पर बेचता है। इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर पुलिस ने गिरोह की सप्लाई चेन को ट्रेस करना शुरू किया।

जांच के दौरान आज मुखबिर से सूचना मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस ने ओडिशा के सप्लायर किशन डंडारिया और उसके भाई राजेश डंडारिया को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वह मोबाइल भी जब्त हुआ है, जिसका इस्तेमाल यूपीआई के जरिए नशीली इंजेक्शन के लेन-देन में किया जा रहा था। पूछताछ में दोनों ने चंद्रकांत निषाद, धीरज बरेठ, रुकसार सारथी व अन्य के साथ मिलकर इंजेक्शन की सप्लाई चेन चलाने की बात कबूल की है। पुलिस ने इसे संगठित अपराध मानते हुए बीएनएस की धारा 111 के अंतर्गत प्रकरण को प्रसारित किया है।

विदित हो कि सहआरोपी चंद्रकांत निषाद उर्फ बाबू और रुकसार सारथी को थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 472/25 धारा 22,29 एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में—(1) किशन डंडारिया उर्फ अशोक (उम्र 33 वर्ष), निवासी नवधा चौक, बृजराज नगर, झारसुगुड़ा (ओडिशा) और (2) राजेश डंडारिया (उम्र 35 वर्ष), निवासी नवधा चौक, बृजराज नगर, झारसुगुड़ा (ओडिशा) सम्मिलित हैं। दोनों को आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

Related posts