हॉस्पिटल के बाहर से उड़ाई बाइक, लेकिन पुलिस के जाल से नहीं बच पाया शातिर चोर, चार बार जेल जा चुका वाहन चोर फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक अभिरक्षा में.

डीआईजी एवं एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक सरगुजा के दिषा-निर्देश पर थानों में दर्ज प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़/गिरफ्तारी कार्यवाही लगातार की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा मोटर साइकिल चोरी के मामले एक आरोपी की गिरफ्तारी कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि थाना कोतवाली में प्रार्थी कमल राज यादव पिता पिताराम यादव, 20 वर्ष, निवासी ग्राम दोरना थाना लुण्ड्रा जिला सरगुजा के द्वारा इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई गयी कि दिनांक 05 जून 2026 को यह अपने भाभी का ईलाज कराने के लिए मोटर साइकिल वाहन क्रमांक सीजी 15 सीजे 9557 से श्रीराम हॉस्पिटल अम्बिकापुर गया था, लगभग 10-11 बजे के आसपास यह बाईक को सामने खड़ा करके अन्दर चला गया। बाद यह वापस आया तो बाईक खडे़ स्थान पर नहीं मिला। इस रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 378/2026 धारा 305(बी), 111 बीएनएस पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण पंजीबद्ध किए जाने के उपरांत पुलिस टीम द्वारा अज्ञात आरोपी की पता-तलाश की जा रही थी, इसी दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति उक्त बाईक के साथ रामानुजगंज नाका से शंकरघाट की ओर जाते हुए देखा गया है। जिसकी तस्दीकी उपरांत एवं पुख्ता जानकारी के आधार पर रजपुरी निवासी मुकेश चेरवा को पकड़कर पूछताछ किया गया। पूछताछ करने पर उक्त बाईक को अपने साथियों के साथ चोरी कर रूनझून तालाब मायापुर में झुपाना बताया, विधिवत् रूप से मोटर साइकिल वाहन को रूनझून तालाब के पास से जप्त कर कब्जा पुलिस लिया गया है एवं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

प्रकरण के आरोपी मुकेश चेरवा पिता देवराज चेरवा, उम्र 26 वर्ष, निवासी बरपारा, रजपुरीखुर्द, थाना कोतवाली अम्बिकापुर जिला सरगुजा को पूर्व में मोटर साइकिल चोरी के अन्य कुल 04 मामले में थाना कोतवाली से चालान किया जा चुका है। प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पता-तलाश की जा रही है।

Related posts