मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर सुदृढ़ीकरण कार्य हेतु स्वीकृति सिंगीबहार-अबीरा मार्ग का निर्माण कार्य जारी.
झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाली यह सड़क आर्थिक दृष्टि से भी है महत्वपूर्ण.
जशपुर. 30 सितंबर 2025 : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर विकासखंड फरसाबहार अंतर्गत सिंगीबहार-अबीरा मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5.60 किमी लंबी इस सड़क को मजबूत और आधुनिक स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। 3 करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपये की लागत से बन रही यह सड़क छत्तीसगढ़ को झारखंड और ओडिशा से जोड़ते हुए न केवल क्षेत्रीय आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देगी। मुख्यमंत्री साय की मंशा है कि जशपुर जिला आधुनिक सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत विकासखण्ड फरसाबहार में सिंगीबहार से अबीरा 5.60 किमी तक लम्बी सड़क का सुदृढ़ीकरण, नवीनीकरण कार्य प्रगतिरत है। वर्षा ऋतु के उपरान्त रुका हुआ कार्य फिर से शुरू हो जाएगा। यह मार्ग छत्तीसगढ़ से झारखण्ड एवं ओड़िसा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बन गई है। सड़क की महत्ता को देखते हुए और लोगों की आवागमन की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की निर्देश पर इस सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 3 करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई थी। दो राज्यों को जोड़ने वाली इस सड़क पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। व्यापार और आवागम के दृष्टिकोण से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है। एक तरह से यह मार्ग अर्थव्यवस्था की धूरी भी है।
अधोसंरचना विकास को मिल रही गति, बिछ रहा सड़कों का जाल –
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में अधोसंरचना विकास के तहत सड़कों का जाल बिछाने के साथ ही उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि शहरी इलाकों को भी सुगम यातायात सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों, मरीजों, आम नागरिकों, व्यापारियों, ग्रामीणों सहित सभी वर्गों को लाभ होगा। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी इन क्षेत्रों तक आसान पहुँच सुनिश्चित करने हेतु सड़कों सहित अन्य अधोसंरचना विकास के कार्य भी तेजी से किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की मंशा है कि आने वाले समय में जशपुर जिला मजबूत सड़क नेटवर्क और आधुनिक यातायात सुविधाओं का आदर्श मॉडल बनकर उभरे, जिससे जिले की अर्थव्यवस्था और विकास को निरंतर गति मिलती रहे।
