अपने साथियों के साथ मिल कर रहा था, स्कॉर्पियो वाहन में गौ तस्करी का प्रयास, पुलिस की कार्यवाही में स्कॉर्पियो वाहन सहित गौ वंशों को छोड़ हो गया था फरार.
पुलिस ने मौके से 04 नग गौ वंशों को कराया था मुक्त, व तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी कर लिया था जप्त, मामला थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में छग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध.
पुलिस के द्वारा फरार आरोपियों को कर लिया गया था चिन्हित, की जा रही थी पता साजी, आखिर पुलिस ने एक फरार आरोपी इमरान खान को साईं टांगर टोली, लोदाम से धर दबौचा.
नाम गिरफ्तार आरोपी इमरान खान उम्र 24 वर्ष, निवासी बरटोली, केराडीह, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर (छग), वर्तमान पता बरगीडांड, माझाटोली, थाना रायडीह जिला गुमला (झारखंड).
जशपुर. 30 सितंबर 2025 : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस का ऑपरेशन अंकुश लगातार सफलताएं दर्ज कर रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार कुख्यात गौ तस्कर इमरान खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। आरोपी अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो वाहन में चार गौ–वंशों की तस्करी करते हुए पुलिस की कार्रवाई के दौरान फरार हो गया था। पुलिस ने मौके से गौ–वंशों को सकुशल मुक्त कराया था। मुखबिर और टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी को साईं टांगर टोली (लोदाम) से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश पर जशपुर पुलिस का ऑपरेशन अंकुश निरन्तर जारी है, जिसके तहत जशपुर पुलिस विशेष अभियान चला कर, विभिन्न प्रकरणों में फरार आरोपियों की पतासाजी कर रही है, जिसमें पुलिस को सफलता भी मिल रही है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस ने थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत एक गौ तस्करी के मामले में फरार कुख्यात तस्कर इमरान खान को साईं टांगर टोली, लोदाम से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
प्रकरण का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि थाना नारायणपुर पुलिस को दिनांक 21 सितंबर 2025 को मुखबिर से पुख़्ता सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति एक स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG16-CP-8456 में गौ-वंशों को बेरहमी पूर्वक रस्सी से बांध कर ठूंस-ठूंस कर भरे हैं, व थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम सारंगडांड के ईब नदी के पास उनका स्कार्पियो वाहन खराब हो जाने से, उसे बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जिस पर सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना नारायणपुर पुलिस टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही कर, तत्काल ग्राम सारंगडांड रवाना हुए. मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर देखा तो पाया कि स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG16-CP-8456 में पीछे की सीट को निकाल कर उसमें 04 नग गौ-वंशों को रस्सी से बांध कर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था तथा सभी आरोपी तस्कर फरार थे, पुलिस ने मौके से सभी चार नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद कर लिया था व तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जप्त कर लिया गया था।
इस प्रकरण पर पुलिस ने थाना नारायणपुर में आरोपियों के विरुद्ध छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था व फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा मौके से जप्त स्कॉर्पियो के नंबर व चेचिस नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा था, साथ ही पुलिस के मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था व टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबीर से पता चला कि उक्त गौ तस्करी की घटना में कुख्यात गौ तस्कर आरोपी इमरान खान भी शामिल था। जिस पर पुलिस के द्वारा लगातार आरोपी इमरान खान की तलाश की जा रही थी, साथ ही उसके छिपने के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को मुखबीर व टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि आरोपी इमरान खान, थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम साईं टांगर टोली में आया हुआ है। जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम साईं टांगर टोली के लिये रवाना की गई, जहां एक घर से घेराबंदी कर फरार गौ तस्कर आरोपी इमरान खान को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी इमरान खान ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसके व उसके साथियों के द्वारा सूरजपुर नवापारा से एक व्यक्ति से चार नग गौ-वंशों को खरीदकर लाया जा रहा था, जिसे लेकर वे झारखंड जा रहे थे। इसी दौरान थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ईब नदी के पास इनका स्कॉर्पियो वाहन खराब हो गया था। तब वे पुलिस को आता देख वाहन छोड़ कर फरार हो गए थे।
आरोपी इमरान खान की निशानदेही पर पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है, पुलिस फरार आरोपियों की पतासाजी कर रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
गौरतलब है कि गिरफ्तार कुख्यात तस्कर आरोपी इमरान खान एक आदतन अपराधी है, इसके विरुद्ध थाना लोदाम, दुलदुला व नारायणपुर में पूर्व में भी गौ तस्करी व चोरी के प्रकरण दर्ज हैं, जिसमें उसे पुलिस के द्वारा पूर्व में भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी इमरान खान के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर, विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी नारायणपुर उपनिरीक्षक राजकुमार कश्यप, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, आरक्षक अशोक कंसारी, आरक्षक प्रदीप भगत व नगर सैनिक वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत एक गौ तस्करी के मामले में फरार कुख्यात तस्कर इमरान खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। प्रकरण में संलिप्त अन्य लोगों को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, मामले में जांच जारी है, अन्य फरार आरोपियों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा, ऑपरेशन अंकुश निरंतर जारी रहेगा।
