थाना मंदिर हसौद क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुकरा स्थित सामुदायिक शौचालय के पास दिये थे हत्या की घटना को अंजाम.
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त कार्यवाही : घटना के कुछ ही घंटो के भीतर आरोपियों को किया गया गिरफ्तार,
आरोपी एवं मृतक है एक ही गांव के निवासी व आपस में परिचित, क्षणिक विवाद बना हत्या का कारण.
आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित आटो वाहन एवं आलाजरब किया गया है जप्त.
आरोपियों के विरूद्ध थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 463/25 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस का अपराध किया गया है पंजीबद्ध.
रायपुर. 05 अक्टूबर 2025 : रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में क्षणिक विवाद के चलते एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की मदद से महज कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और घटना से पहले तीनों साथ में शराब पी रहे थे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और कड़े से हमला कर सुरेन्द्र कुमार धीवर की हत्या कर दी।
प्रार्थी मुकेश धीवर निवासी ग्राम कुकरा थाना मंदिर हसौद रायपुर ने थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 04 अक्टूबर 2025 को वह सुबह ग्राम कुकरा स्थित सामुदायिक शौचालय के सामने जाकर देखा तो उसके पिता सुरेन्द्र कुमार धीवर पिता स्व. दुकालू राम धीवर उम्र 48 साल निवासी ग्राम कुकरा मंदिर हसौद रायपुर मृत अवस्था में पेट के बल पड़े हुये थे तथा उनके गर्दन, माथा, सिर एवं बायें आंख के पास किसी धारदार वस्तु से मार कर चोट पहुंचाने के निशान थे।इस सूचना पर थाना मंदिर हसौद में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया। प्रथम दृष्ट्या किसी अज्ञात आरोपी द्वारा मृतक की किसी धारदार वस्तु से मार कर हत्या करना प्रतीत हो रहा था।
घटना को पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर श्री विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक माना श्री लम्बोदर पटेल, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी मंदिर हसौद को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना-स्थल का निरीक्षण कर घटना के संबंध में प्रार्थी सहित आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में मुखबीर लगाने के साथ तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से भी अज्ञात आरोपी को चिन्हांकित करने के प्रयास किये जा रहे थे।
इसी दौरान अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी में लगी टीम के सदस्यों को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि मृतक को अंतिम बार गांव के ही सूरज कोशले एवं परमानंद साहू उर्फ बिल्लू के साथ ऑटो में घुमते देखा गया था। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा सूरज कोशले एवं परमानंद साहू उर्फ बिल्लू की पतासाजी कर पकड़ कर पूछताछ करने पर उनके द्वारा किसी भी प्रकार से अपराध में अपनी संलिप्तता नहीं होना बताकर लगातार टीम के सदस्यों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा सुरेन्द्र कुमार धीवर की हत्या करना स्वीकार किया गया।
आरोपी सूरज कोशले किराये का ऑटो चलाता है तथा दोनों आरोपी एवं मृतक एक ही गांव के निवासी है एवं आपस में परिचित है। दिनांक घटना को तीनों मिलकर शराब पिये तथा ऑटो में तीनों बैठ कर जा रहे थे कि किसी बात को लेकर मृतक का आरोपियों के साथ विवाद हुआ तथा क्षणिक विवाद को लेकर आरोपी घटना-स्थल के पास ऑटो को रोक कर पास के निर्माणाधीन मकान से लोहे का राड ले लाये एवं मृतक को ऑटो से बाहर निकाल कर उसके साथ लोहे के राड एवं हाँथ में पहने कड़े से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचा कर उसकी हत्या कर दिये।
आरोपी सूरज कोशले एवं परमानंद साहू उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना से संबंधित ऑटो वाहन एवं आलाजरब जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 463/25 धारा 103(1), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी – 01. सूरज कोशले पिता स्व. श्यामलाल कौशले उम्र 20 साल निवासी ग्राम कुकरा थाना मंदिर हसौद जिला रायपुर, 02. परमानंद साहू उर्फ बिल्लू पिता जगमोहन साहू उम्र 23 साल निवासी ग्राम कुकरा थाना मंदिर हसौद जिला रायपुर.
इस प्रकरण की कार्यवाही में निरीक्षक आशीष यादव थाना प्रभारी मंदिर हसौद, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र भार्गव, प्रधान आरक्षक जसवंत सोनी, आरक्षक तुकेश निषाद, आरक्षक लक्ष्मीनारायण साहू, आरक्षक मुनीर रजा, आरक्षक अविनाश टण्डन तथा थाना मंदिर हसौद से प्रधान आरक्षक अशोक वर्मा, प्रधान आरक्षक संतोष चंद्राकर, आरक्षक राजेश वर्मा, आरक्षक युवराज वर्मा, आरक्षक जफर अहमद एवं आरक्षक राकेश कुमार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
