मानकेश्वरी मंदिर मेला में फरसा लहराते दो युवक गिरफ्तार, चक्रधरनगर पुलिस ने आर्म्स एक्ट में कार्रवाई कर भेजा जेल.
रायगढ़. 8 अक्टूबर 2025 : रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानकेश्वरी मंदिर मेला स्थल (जामगांव) में मंगलवार शाम दो युवकों द्वारा फरसा लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मेले में फैली दहशत खत्म हुई और लोगों ने राहत की सांस ली।
चक्रधरनगर पुलिस ने 7 अक्टूबर मंगलवार शाम मानकेश्वरी मंदिर के मेला स्थल (जामगांव) में धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को पकड़ कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी फरसा लहराते हुए लोगों को भयभीत कर रहे थे, जिन पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट की सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू को सूचना मिली थी कि मानकेश्वरी मंदिर के मेला में दो युवक फरसा लेकर लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में हाथ में फरसा लिए युवक ने अपना नाम पुरोहित चौहान पिता सालिकराम चौहान उम्र 28 वर्ष निवासी जामगांव कोलाईबहाल थाना चक्रधरनगर बताया, जबकि उसका साथी संजू मिर्धा पिता ईश्वर मिर्धा उम्र 25 वर्ष निवासी सराईपाली थाना चक्रधरनगर का होना स्वीकार किया। मौके पर मौजूद गवाहों ने भी पुष्टि की कि दोनों युवक फरसा लहराते हुए लोगों को धमका रहे थे।
पुलिस ने पुरोहित चौहान के कब्जे से लोहे का धारदार फरसा जब्त किया और दोनों के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट तथा 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया है। इस प्रकरण की कार्रवाई उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक अभय यादव और आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे की टीम ने की।
