पुलिस कंट्रोल रूम में किया गया कार्यक्रम का आयोजन, बुलाए गए गुम मोबाइलों के मालिक, एसएसपी ने अपने हाथों से किया गुम मोबाइल फोन के मालिकों को मोबाइल वापस.
एसएसपी की मोबाइल मालिकों को हिदायत, मोबाइल को रखें संभाल के, मोबाइल गलत हाथों में पड़ने पर, चोरी किया जा सकता है, आपका जरूरी डाटा, साइबर अपराधी कर सकते हैं दुरूपयोग.
जशपुर : जशपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए विशेष अभियान के तहत चोरी और गुम हुए 27 मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके असली मालिकों को वापस किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर के कंट्रोल रूम में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्वयं मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे। साइबर सेल की टीम ने पिछले तीन महीनों में जिले के विभिन्न थानों से गुम मोबाइलों की लोकेशन ट्रैक कर यह सफलता हासिल की। एसएसपी ने इस मौके पर नागरिकों को मोबाइल सुरक्षित रखने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की हिदायत भी दी।

आज दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को साइबर सेल जशपुर के द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर के कंट्रोल रूम में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें की सायबर सेल के द्वारा जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में चोरी व गुम हुए मोबाइल फोन को ढूंढ कर उनके मालिकों के सुपुर्द किया गया।
ज्ञातव्य है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर पुलिस के द्वारा साइबर सेल के सहयोग से, गुम मोबाइल फोन को ढूंढने विशेष अभियान चलाया गया था, जिसके अंतर्गत पुलिस ने विगत तीन महीनों में जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में चोरी/गुम हुए कुल 27 नग मोबाइल फोन को ढूंढ निकाला है। कार्यक्रम के दौरान ढूंढे गए सभी 27 नग गुम मोबाइल मालिकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में बुलाया गया था। जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के हाथों से गुम मोबाइल के मालिकों को उनका मोबाइल फोन वापस किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा मोबाइल मालिकों को हिदायत भी दी गई व आम नागरिकों से अपील भी की गई कि वे अपने मोबाइल फोन को सम्भाल कर रखें, मोबाइल गुम या चोरी होने पर, यदि वह किसी गलत हाथों में पड़ जाता है, तब आपके जरूरी डाटा को मोबाइल से ट्रांसफर किया जा सकता है व साइबर अपराधी, किसी अपराध के लिए आपके डाटा या फोन का दुरूपयोग कर सकते हैं।
प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने बताया कि वर्तमान चरण में जशपुर पुलिस ने विशेष अभियान चला कर कुल 27 नग मोबाइल फोन को ढूंढ कर उनके मालिकों को वापस किया है और भी गुम हुए मोबाइल फोन को ढूंढने का प्रयास जारी है। मोबाइल फोनों को ढूंढने में विशेष योगदान देने पर सायबर सेल जशपुर के अधिकारी कर्मचारी को नगद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल कुमार सोनी, साइबर सेल से उपनिरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, साइबर सेल के अन्य कर्मचारी व गुम मोबाइल फोन के मालिक उपस्थित रहे।
