मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या सुधार कराने का मौका! सारंगढ़-बिलाईगढ़ में विशेष पुनरीक्षण की तैयारी तेज, जानिए क्या बदलेगा।

मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुपालन में हुई बैठक

राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की दी गई जानकारी, मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण पर भी हुई चर्चा

सारंगढ़–बिलाईगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में जारी फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुपालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक 22 अक्टूबर को जिला कार्यालय सारंगढ़–बिलाईगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित तिथिवार कार्यक्रम, मतदाता सूची के अद्यतनीकरण तथा मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन, दावा-आपत्ति प्राप्त करने, उनके निराकरण तथा अंतिम प्रकाशन की निर्धारित तिथियों एवं प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में उपस्थित पदाधिकारियों से चर्चा कर सहमति प्राप्त की गई।

बैठक में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करने, आवश्यक संशोधन तथा नियमानुसार नाम विलोपन की प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अपर कलेक्टर कौशिक ने सभी पदाधिकारियों से आयोग के निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य में आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की।

बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी अमित तिवारी, दिलीप साह, हितेश अजगल्ले, राकेश पटेल, राधे जायसवाल, रमेश अनंत, उद्धव राम कोशले, कन्हैया जांगड़े एवं विकास टण्डन उपस्थित रहे। इस अवसर पर निर्वाचन पर्यवेक्षक हरिकिशन डड़सेना एवं प्रभारी सहायक प्रोग्रामर कुंज बिहारी गहर भी उपस्थित थे।

Related posts