रायकेरा में गूंजा “भारत माता की जय” — संघ के पथसंचलन में उमड़ा जनसैलाब, शताब्दी वर्ष की हुई घोषणा!

कुनकुरी (जशपुर): खण्ड कुनकुरी के मंडल रायकेरा में विजयादशमी एवं पथसंचलन कार्यक्रम दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को हर्षोल्लास और अनुशासन के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत विधि-विधान से की गई, जहाँ स्वयंसेवकों ने धूप-दीप जलाकर भारत माता, डॉ. केशव बलीराम हेडगेवार एवं श्री गुरुजी के चित्रों पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात सत्र पूजा एवं ध्वज वंदन कर संघ प्रार्थना सम्पन्न हुई।

मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता का उद्बोधन:
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री निराकार पटेल जी और मुख्य वक्ता श्री सहदेव भगत जी उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता श्री सहदेव भगत जी ने अपने उद्बोधन में बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना विजयादशमी के दिन सन् 1925 में डॉ. हेडगेवार जी द्वारा की गई थी और आगामी सितंबर 2025 में संघ अपने 100 वर्ष पूर्ण कर शताब्दी वर्ष के रूप में इसे मनाने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक संगठन का उत्सव नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाजिक एकता का प्रतीक है। संघ सदैव देशहित, आपदाओं में सहयोग, धर्म रक्षा और सामाजिक समरसता के लिए कार्य करता आया है।
उन्होंने बताया कि सन् 1947 में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी स्वयंसेवक देश सेवा और बलिदान के लिए अग्रणी रहे, और आज भी संघ के कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर समाज में कार्य कर रहे हैं।

डॉ. हेडगेवार जी की जीवनी और स्वयंसेवकों की प्रेरणादायी गाथाएँ:
श्री सहदेव भगत जी ने डॉ. केशव बलीराम हेडगेवार जी के जीवन और उनके त्याग, समर्पण तथा राष्ट्रप्रेम की भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ के संस्थापक का लक्ष्य केवल संगठन बनाना नहीं था, बल्कि हर नागरिक में “राष्ट्र पहले” की भावना जगाना था।
उन्होंने विभिन्न कालखंडों में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सामाजिक और राष्ट्रहित कार्यों की वीर गाथाएँ भी साझा कीं, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।

संघ की सात बिंदुओं पर कार्ययोजना पर चर्चा:
कार्यक्रम में संघ की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री सहदेव भगत जी ने बताया कि संघ अपने सात प्रमुख बिंदुओं पर केंद्रित होकर कार्य करेगा — विजयादशमी उत्सव, गृह संपर्क अभियान, हिन्दू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, सामाजिक सद्भाव, प्रमुख जनगोष्ठी, अधिकतम स्थानों पर शाखा संचालन इन सात बिंदुओं के माध्यम से समाज में संगठन, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।

पथसंचलन में उमड़ा जनसैलाब:
विजयादशमी के अवसर पर निकले पथसंचलन में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासित पंक्तियों में कदमताल करते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोषों से पूरे रायकेरा नगर को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
मार्गों के दोनों ओर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। पथसंचलन के दौरान संघ के घोष दल द्वारा बजाए गए देशभक्ति के स्वरों ने वातावरण को और अधिक ऊर्जावान बना दिया।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति:
इस अवसर पर खंड कार्यवाह श्री अशोक चौहान जी, श्री लाल बिहारी जी, श्री शम्भूनाथ चक्रवर्ती जी, श्री शंकर यादव जी, श्री विद्याधर सिंह जी, श्री गोविंद यादव, श्री उदय शर्मा, मंडल पावक श्री देवचरण, श्री बिहारी नायक (मंडल पालक), श्री शशिभूषण यादव, मंडल कार्यवाह श्री गुलाब यादव, मंडल संयोजक श्री रंजीत सिंह, श्री मोहन यादव, श्री राहुल कश्यप, घोष प्रमुख श्री कार्तिक चक्रवर्ती, श्री करनेल सिंह, श्री विष्णु सोनी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, दायित्ववान कार्यकर्ता, बंधु और भगिनी उपस्थित रहे।

समापन और राष्ट्रसेवा का संकल्प:
कार्यक्रम का समापन संघ प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित स्वयंसेवकों ने राष्ट्रसेवा, समाजकल्याण और हिन्दू संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम अनुशासन, श्रद्धा, राष्ट्रप्रेम और संगठन शक्ति का प्रेरक उदाहरण साबित हुआ।

Related posts