रायपुर : पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के बाल्य एवं शिशु रोग (पीडियाट्रिक) विभाग द्वारा रोगी देखभाल प्रक्रिया को लेकर समस्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीडियाट्रिक विभागाध्यक्ष डॉ. ओंकार खंडवाल ने नवजात एवं अस्वस्थ शिशुओं एवं बड़े बच्चों के वार्ड में भर्ती होने पर उपचार की मानक परिचालन प्रकिया (Standard Operating Procedure – SOP) से परिचित कराया। इसके साथ ही एचआईवी पॉजिटिव रोगियों के प्रबंधन के लिए वैश्विक दिशानिर्देशों (ग्लोबल गाइडलाइंस फार हैंडलिंग एचआईवी पॉजिटिव पेशेंट) के अंतर्गत रोगियों में संक्रमण को रोकने के लिए सार्वभौमिक सावधानियों का संयोजन तथा रोगी केन्द्रित देखभाल के बारे में बताया। डॉ. ओंकार खंडवाल ने कार्यकम को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग में भर्ती होने वाले सभी मरीज एक समान हैं तथा सभी का उपचार बिना भेदभाव के एक समान दृष्टिकोण से किया जाता है। चिकित्सा का मूल भाव संवेदनशीलता और समानता के साथ उपचार करना है, अतः सभी मरीजों के साथ समान व्यवहार किया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में उन्होंने एचआईवी संक्रमण से जुड़े मिथकों, संक्रमण की रोकथाम, संक्रमण नियंत्रण उपायों एवं उपचार के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. खंडवाल ने कहा कि चिकित्सालय में उपचार के लिए आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान, सहयोग और सहानुभूति का पात्र है, न कि भेदभाव का। अतः सभी मरीजों के उपचार के दौरान मानक सावधानियों को अपनाते हुए व्यापक देखभाल पर ज्यादा जोर देना चाहिए। अंत में उन्होंने चिकित्सा कर्मियों द्वारा उपचार के दौरान अपनाये जाने वाले सुरक्षा मानकों पर विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान विभाग के अन्य कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या ने उपस्थित रहे।
