Big Breaking : जशपुर में नक्सली पर्चे से मचा हड़कंप! पीएलएफआई संगठन के नाम पर फैली दहशत, पुलिस अलर्ट मोड पर

जशपुर : जशपुर जिले के चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र के ग्राम सुलेशा में उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीण सल्लू राजवाड़े के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) संगठन के नाम से एक कथित नक्सली पर्चा मिला। पर्चा मिलते ही पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बन गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को अपने घेरे में ले लिया। पर्चे की सामग्री और इसके पीछे की मंशा को समझने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह किसी स्थानीय व्यक्ति की शरारत या अफवाह फैलाने की कोशिश तो नहीं है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पहले कभी इस तरह की कोई गतिविधि नहीं हुई थी, जिससे अब लोग खासे सतर्क और चिंतित हैं। कुछ लोगों ने इसे डर फैलाने की साजिश बताया, तो वहीं कुछ का कहना है कि यह किसी पुरानी रंजिश या भ्रम पैदा करने की कोशिश भी हो सकती है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह जशपुर ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए चौकी पंडरा पाठ के थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि वे आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग और सर्च ऑपरेशन चलाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें।

इस घटना के बाद से गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Related posts