विजयादशमी उत्सव पर संघ के शताब्दी वर्ष 1925–2025 के उपलक्ष्य में भव्य पद संचलन, शस्त्र पूजा, घोष वंदन और पंच परिवर्तन पर विमर्श
कुनकुरी (जशपुर): विजयादशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष (1925–2025) के अंतर्गत बरांगजोर मंडल, कुनकुरी में घोष के साथ भव्य पद संचलन एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देशभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में स्वयंसेवकों ने अनुशासन, देशप्रेम और सेवा भाव का अद्भुत प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में ध्वज फहराया गया, प्रार्थना हुई और इसके बाद स्वयंसेवकों ने घोष वादन के साथ अनुशासित पथ संचलन (मार्चपास्ट) किया। संचलन उपरांत दीप प्रज्वलन कर भारत माता और संघ संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा शस्त्र पूजा संपन्न हुई।
मुख्य अतिथि और वक्ताओं ने दी प्रेरणादायक सीख
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बी.आर. नागजी (सेवानिवृत्त ऑडिटर, जशपुर) उपस्थित रहे। उन्होंने संघ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा —
“राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण की शक्ति है। हर व्यक्ति को इससे जुड़कर समाज और देशहित में कार्य करना चाहिए।”
मुख्य वक्ता बिहारी नायक जी ने अपने उद्बोधन में संघ के “पंच परिवर्तन” की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए हर स्वयंसेवक को इन पाँच बिंदुओं पर कार्य करना होगा — 1 सामाजिक समरसता, 2 कुटुंब प्रबोधन, 3 पर्यावरण संरक्षण, 4 स्वदेशी अपनाव, 5 नागरिक कर्तव्य बोध
उन्होंने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर यह शताब्दी वर्ष देश में नए उत्साह और राष्ट्रभक्ति की चेतना का संदेश देगा।
शताब्दी वर्ष की कार्ययोजना घोषित
शताब्दी वर्ष के अवसर पर सात प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई —
1 विजयादशमी उत्सव, 2 गृह संपर्क अभियान, 3 हिन्दू सम्मेलन, 4 सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम, 5 युवा सम्मेलन, 6 प्रबुद्धजन गोष्ठी, 7 अधिकतम स्थानों पर नई शाखाओं की स्थापना
इन कार्यक्रमों के माध्यम से संघ समाज के हर वर्ग तक अपनी सेवा भावना और राष्ट्र चेतना का संदेश पहुँचाने का लक्ष्य रखता है।
मातृशक्ति ने किया स्वागत, ग्रामीणों का मिला सहयोग
कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और भावनात्मक एकता की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर खंड कार्यवाह अशोक चौहान, सहायक खंड कार्यवाह देवचरण चौहान, तरुण मिश्रा, शंकर यादव, मंडल कार्यवाह मुनेश्वर सिंह, मंडल पालक रत्नेश देवता, महेश राम, रोहित साय (पूर्व विधायक), घोष प्रमुख कार्तिकेय चक्रवर्ती तथा मीडिया प्रभारी मनीष हेड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल कार्यवाह मुनेश्वर सिंह द्वारा किया गया। आयोजन में सैकड़ों स्वयंसेवक एवं ग्रामीणजन शामिल हुए और सभी ने एक स्वर में “भारत माता की जय” के उद्घोष से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
