नक्सल से आज़ादी की ओर कदम : अबूझमाड़ के ‘सेफ जोन’ में पुलिस का दमदार प्रवेश – नक्सलियों की टूटी कमर ! कुड़मेल में खुला नया पुलिस कैम्प, ग्रामीणों में दिखा उत्साह, क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का होगा तेजी से विस्तार.

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नारायणपुर पुलिस द्वारा नक्सल मुक्त सशक्त बस्तर की कल्पना को साकार रूप देने हेतु क्षेत्र में लगातार नक्सल विरोधी ‘‘माड़ बचाओ’’ अभियान संचालित किया जा रहा है। साथ ही अबूझमाड़ में लगातार नवीन कैम्प स्थापित करते हुए सड़क पुल-पुलिया निर्माण सहित अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं को अंदरूनी गांव तक पहुंचाये जाने में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

इसी कड़ी में घोर नक्सल प्रभावित माड़ क्षेत्र में माओवादियों के आश्रय स्थल थाना ओरछा अंतर्गत ग्राम कुड़मेल में नक्सल विरोधी अभियानों एवं ओरछा-आदेर-लंका एक्सिस तक सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा प्रदान करने एवं विकास कार्यो में सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को नारायणपुर पुलिस डीआरजी, बस्तर फॉईटर एवं आईटीबीपी 44वीं, 29वीं, 38वीं, 45वीं वाहिनी के द्वारा नवीन कैम्प स्थापित किया गया है। ग्राम कुड़मेल में नवीन कैम्प स्थापित होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में काफी उत्साह एवं सुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्राम कुड़मेल ओरछा ब्लॉक, ओरछा तहसील व थाना ओरछा क्षेत्रान्तर्गत स्थित है। नवीन कैम्प कुड़मेल थाना ओरछा से 21 किलोमीटर, एडजूम से 16 किलोमीटर और ईदवाया से 10 किलोमीटर और आदेर से 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

कैम्प ओपनिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रॉबिनसन गुड़िया (भा.पु.से.) द्वारा अन्य अधिकारियों के साथ ग्राम कुड़मेल, एपररोपर, इत्तपरा, जाटलूर और ढ़ोढ़रबेडा एवं आसपास गांव से आये ग्रामीणों से कुशल-क्षेम जानकर उनके समस्याओं को सुना गया। ग्रामीणों द्वारा मुख्य रूप से बिजली, नल-जल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोड इत्यादि मूलभूत सुविधाओं के साथ पुलिस कैम्प की मांग किया गया जिसे जल्द पूर्ण कराये जाने का आश्वासन दिया गया साथ ही ‘‘नियद नेल्लानार’’ के अंतर्गत ‘‘जन समस्या निवारण शिविर’’ का आयोजन कराये जाने के संबंध में बताया गया।

ग्रामीणों ने नक्सलियों द्वारा मारे गये लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नक्सलवाद की प्रताड़ना को व्यक्त किया और इस बात के लिए खुशी जाहिर किये कि पुलिस कैम्प खुलने से अब भय-मुक्त जीवन जी सकेंगे। आसपास के नक्सल समर्थक ग्रामीण स्वयं को सुरक्षित महसुस कर माड़ क्षेत्र में कैम्प स्थापना के प्रभाव से आत्मसमर्पण हेतु नारायणपुर पुलिस के पास पहुंच रहे है।

Related posts