जशपुर में फिर चली ‘ऑपरेशन शंखनाद’ की गूंज : गौ तस्करी का बड़ा पर्दाफाश ! ‘ऑपरेशन शंखनाद’ फिर सफल, जशपुर पुलिस ने जंगल से छुड़ाए 8 गौवंश, जंगल से चार आरोपी गौ तस्कर गिरफ्तार, भेजा न्यायिक रिमांड पर जेल.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस को चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत 08 नग गौ-वंशों को तस्करों से मुक्त कराते हुए, चार आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है। मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को चौकी कोतबा पुलिस को रात्रि गश्त के दौरान मुखबीर से पुख़्ता सूचना मिली थी, कि एक सफेद रंग की पिक-अप वाहन में भारी मात्रा में गौ-वंशों को भरकर, लैलूंगा, तुमला रोड से होते हुए, चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत ग्राम ऊपरघीचा के रास्ते झारखंड राज्य की ओर ले जाया जा रहा है।

जिस पर चौकी दोकड़ा पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर, मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम ऊपरघिचा में रोड पर नाकाबंदी कर, फरसाबहार की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, कि इसी दौरान संदिग्ध सफेद रंग का पिकअप वाहन आता दिखाई दिया , जिसके पीछे की ट्रॉली, हरे रंग की प्लास्टिक से ढकी हुई थी, पुलिस के द्वारा जब संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया, तब उनके द्वारा पुलिस को देख, पिकअप को तेजी से भगाने का प्रयास किया जा रहा था। परंतु पुलिस के द्वारा उक्त संदिग्ध पिकअप वाहन का पीछा किया जा रहा था, कि तभी  पुलिस को दिग्भ्रमित करने के लिए,ग्राम कटंगखार के पास रास्ते में एक बोलेरो वाहन  के द्वारा अपनी गाड़ी को धीरे कर, भाग रहे संदिग्ध पिकअप वाहन को साइड दिया गया व पुलिस पीछा न कर सके, इसलिए पुलिस की गाड़ी के बीच में आ गया, जिससे गौ वंशों से भरी संदिग्ध पिकअप वाहन को भागने का मौका मिल गया । पुलिस के द्वारा संदेह होने पर जब बोलेरो वाहन क्रमांक CG13-UH-6089 को रोका गया, तो पाया कि बोलेरो में तीन व्यक्ति बैठे थे, पूछताछ पर उन्होंने अपना नाम, जगदीश सिदार, सौरभ रवानी व दिलीप सिदार, सभी निवासी चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत ग्राम कटंगखार का रहने वाले बताए, पुलिस के द्वारा जब उनसे, पीछा की जा रही संदिग्ध पिकअप को भगाने में मदद करने के संदेह को लेकर पूछताछ की गई तो शुरू में उनके द्वारा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया जाता रहा, फिर वे तीनों संदिग्ध पुलिस के मनोवैज्ञानिक दबाव के आगे झुक गए।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि उक्त सभी 08 नग गौ-वंश को बोलेरो वाहन में बैठे एक आरोपी जगदीश सिदार के द्वारा जांजगीर से पिक-अप में भर कर, चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत ग्राम कटंगखार तक ही लाने हेतु बोला गया था। जहां से वे, गौ-वंशों को लोहरदगा (झारखंड) ले जाने वाले थे। जिस पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनके निशानदेही पर ग्राम कटंगखार के जंगल में सर्च अभियान चलाया, जहां संदिग्ध पिक-अप वाहन से उतारा गया, 08 नग गौ-वंशों के साथ में, गौ-वंशों का पहरा कर रहा तस्करों का साथी भी मिला, जिसने अपना नाम लोचन सिदार, ग्राम कटंग खार का रहने वाला बताया। पुलिस के द्वारा सभी 08 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी लोचन सिदार को भी हिरासत में ले लिया गया व गौ तस्करी में प्रयुक्त पिक-अप तथा कुछ और फरार तस्करों को भी चिन्हित कर लिया गया है, पता साजी जारी है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार किया जावेगा।

पुलिस के द्वारा  आरोपी तस्करों के विरुद्ध  चौकी दोकड़ा में में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004  की धारा 4,6,10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 (1) (क) (घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध करते हुए, उनके द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है व उनके कब्जे से बोलेरो वाहन क्रमांक CG13-UH -6089 को भी जप्त किया गया है।

Related posts