राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को बस्तर प्रवास
जगदलपुर : राष्ट्रपति के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास का दूसरा दिन, 23 अक्टूबर, बस्तर अंचल की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, आस्था और जन-संवाद के नाम समर्पित रहेगा। इस दिन राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से जगदलपुर के लिए उड़ान भरकर सुबह 10:30 बजे पहुंचेंगी। इसके बाद वे शक्तिपीठ माँ दंतेश्वरी मंदिर में बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना कर राष्ट्र और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की मंगलकामना करेंगी।
माँ दंतेश्वरी के पावन दर्शन के उपरांत राष्ट्रपति सिरहासार भवन पहुँचेंगी, जहाँ वे बस्तर की सदियों पुरानी पारंपरिक लोकतांत्रिक पंचायत व्यवस्था ‘मुरिया दरबार’ के गरिमामयी आयोजन की साक्षी बनेंगी। यहाँ से उनका अगला पड़ाव लाल बाग मैदान होगा, जहाँ वे सबसे पहले बस्तर दशहरा प्रदर्शनी का गहनता से अवलोकन करेंगी और तत्पश्चात यहां आयोजित विशाल आमसभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगी।
इस ऐतिहासिक प्रवास का एक अत्यंत संवेदनशील और आत्मीय पहलू तब सामने आएगा, जब जनसभा के बाद राष्ट्रपति बस्तर के पारंपरिक जनजातीय प्रतिनिधियों—मांझी और चालकियों—के साथ बैठकर दोपहर का भोजन करेंगी। स्थानीय प्रतिनिधियों से इस आत्मीय संवाद और भोज के बाद वे लाल बाग मैदान से प्रस्थान कर जगदलपुर एयरपोर्ट पहुँचेंगी, जहाँ से विशेष विमान द्वारा रायपुर होकर नई दिल्ली के लिए उनकी वापसी होगी।
