त्योहार की भीड़ में घूम रहा था हथियार लेकर! पुलिस ने संदिग्ध युवक को किया गिरफ्तार

बिलासपुर : त्योहारों के सीजन में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिलासपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी सतर्कता का परिणाम रहा कि थाना सिविल लाइन पुलिस ने संभावित वारदात को समय रहते टाल दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगला आजाद चौक के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। त्योहारी भीड़ को देखते हुए क्षेत्र में तैनात पुलिस बल ने जब युवक की गतिविधियों पर नज़र डाली, तो वह घबराया हुआ प्रतीत हुआ।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से लोहे का बटनदार चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में युवक की पहचान राहुल पटेल पिता राजू, उम्र 19 वर्ष, निवासी माता चौरा मंगला, थाना सिविल लाइन के रूप में हुई।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिस पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संभावित अपराध को होने से रोका जा सका।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ा दी गई है। हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नज़र रखी जा रही है ताकि शहरवासी सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।

Related posts